West Bengal: उर्मिला मातोंडकर ने कहा- भारत मां की बेटी ने श्रीराम के आशीर्वाद से बंगाल में लहराया विजयध्वज
नई दिल्ली, मई 02: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस को मिल रही बढ़त के बीच टीएमसी समर्थक जश्न मनाने में जुट गए हैं। इस बीच ममता बनर्जी को बधाईयां मिलनी शुरू हो गई है। एक्ट्रेस उर्मिला मातोंडकर ने भी ममता बनर्जी को बधाई दी है। उन्होंने ने कहा कि आज भारत मां की बेटी ने प्रभु श्रीराम के पावन आशीर्वाद से बंगाल में विजयध्वज लहराया है।

उर्मिला मातोंडकर ने ममता बनर्जी को टैग करते हुए ट्वीट में लिखा, 'आज भारत माँ की बेटी ने प्रभु श्रीराम के पावन आशीर्वाद से बंगाल मे विजयध्वज लहराया है। #जय_श्रीराम Hats off to a single,strong woman's spirit, fortitude n perseverance 🙌 #Bengal rocks!!!'
टीएमसी की बंगाल में वापसी
बता दें, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के परिणामों की तस्वीर लगभग लगभग साफ हो चुकी है। ममता बनर्जी की पार्टी एक बार फिर प्रचंड बहुमत से जीतकर सत्ता में वापसी करती दिख रही है। 292 विधानसभा पर हुए चुनावों में से पार्टी लगभग 208 सीट पर विजय हासिल करती दिख रही है। टीएमसी की जीत के लिए पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी को बधाई संदेश मिलने शुरू हो गए हैं। शिवसेना नेता संजय राउत ने ट्वीट के माध्यम से उन्हें बधाई देते हुए लिखा, 'बंगाल की शेरनी को बधाई...ओ दीदी, दीदी ओ दीदी!'
केजरीवाल ने दी ममता को बधाई
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी ममता बनर्जी को ट्वीट के माध्यम से बधाई दी है। केजरीवाल ने ट्वीट कर लिखा, 'इस प्रचंड जीत के लिए ममता दीदी को बधाई। क्या लड़ाई हुई! पश्चिम बंगाल के सभी लोगों को बधाई।' बता दें, विधानसभा चुनाव के रुझानों में तृणमूल कांग्रेस को मिल रही बढ़त के बीच टीएमसी समर्थक जगह-जगह जश्न मनाने में जुट गए हैं। टीएमसी समर्थक एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर, रंग लगाकर पार्टी की जीत का जश्न मना रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications