शरद पवार से बिना मिले बंगाल रवाना हुईं ममता बनर्जी, कहा- हर 2 महीने में दिल्ली आती रहूंगी
नई दिल्ली, जुलाई 30। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का दिल्ली दौरा आज खत्म हो गया है। ममता बनर्जी पांच दिन के दौरे पर दिल्ली आई थीं और शुक्रवार को शरद पवार से फोन पर बात और कई विपक्षी नेताओं से मुलाकात के बाद वो बंगाल लौट गई हैं। पश्चिम बंगाल रवाना होने से पहले ममता बनर्जी ने मीडिया से बात की और बताया कि उनका दिल्ली दौरा सफल रहा है। खासकर सोनिया गांधी से मीटिंग और शरद पवार से बातचीत उनकी अच्छी रही।
Recommended Video

लोकतंत्र को जीवित रखना हमारा उद्देश्य है- ममता बनर्जी
ममता बनर्जी ने कहा कि विपक्षी नेताओं से उनकी बातचीत लोकतंत्र को किसी भी कीमत पर बचाने को लेकर हुई है। शरद पवार से बातचीत को लेकर ममता बनर्जी ने कहा, "मैंने शरद पवार से बात की। मेरी दिल्ली यात्रा सफल रही। हम राजनीतिक उद्देश्यों के लिए मिले थे। देश के लोकतंत्र को किसी भी कीमत पर जीवित रखना, हमारा उद्देश्य है। हमारा नारा है 'लोकतंत्र बचाओ, देश बचाओ'।
हर महीने में दिल्ली आती रहेंगी ममता बनर्जी
टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी के आवास से निकलने से पहले ममता बनर्जी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि वो आगे भी दिल्ली आती रहेंगी। ममता ने कहा कि वो हर 2 महीने में दिल्ली का दौरा करेंगी। ममता ने बताया कि वो पिछले पांच दिनों से दिल्ली में थी और इस दौरान उन्होंने कई विपक्षी नेताओं से मुलाकात की और उन मुलाकातों का परिणाम बहुत अच्छा रहा। हालांकि इस दौरान ममता बनर्जी से 2024 को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने ऐसी किसी भी संभावनाओं से इनकार कर दिया कि वो 2024 में विपक्ष का चेहरा होंगी। ममता बनर्जी ने कहा कि जो होगा वो सभी की सहमति से होगा।
ममता ने महंगाई को लेकर केंद्र पर साधा निशाना
इस दौरान ममता बनर्जी ने देश में महंगाई के मुद्दे का जिक्र करते हुए केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय देश की जनता के लिए बहुत ही चुनौतीपूर्ण है, क्योंकि पेट्रोल और घरेलू गैस की कीमतों में वृद्धि के साथ मुद्रास्फीति अब तक के सबसे उच्च स्तर पर है। ममता बनर्जी ने इस दौरान कोरोना की तीसरी लहर को लेकर केंद्र को चेतावनी दी।
दिल्ली दौरे पर इन नेताओं से मिली ममता बनर्जी
आपको बता दें कि ममता बनर्जी सोमवार को दिल्ली पहुंची थी। अपने इस दौरे पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र और भाजपा नेता नितिन गडकरी से भी मुलाकात की थी। इसके अलावा सोनिया गांधी, राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल और कमलनाथ कमलनाथ समेत कई विपक्षी नेताओं से भी सोनिया गांधी की मुलाकात हुई थी। सोनिया गांधी से हुई मुलाकात को काफी अहम मना गया था। उस मुलाकात को लेकर ममता ने कहा भी था कि सोनिया से उनकी मीटिंग काफी पॉजिटिव रही है।












Click it and Unblock the Notifications