'कमजोरों के साथ तो भगवान भी नहीं खड़े होते', भाजपा नेता ने हिंदुओं को हथियार रखने की दी सलाह, भड़की TMC
West Bengal News: पश्चिम बंगाल में वरिष्ठ भाजपा नेता दिलीप घोष ने गुरुवार को ऐसा विवादास्पद बयान दिया है जिसके बाद भाजपा विपक्ष के निशाने पर आ चुकी हैं। दिलीप घोष ने हिंदुओं को अपने घरों में हथियार रखने की सलाह दी है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता ये सलाह ऐसे समय में दी है जब हाल ही में पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में वक्फ विधेयक के विरोध-प्रदर्शन के साथ हिंसा भड़की थी। दिलीप घोष के इस बयान की विपक्षी दलों ने आलोचना की है और इसे सांप्रदायिक तनाव भड़काने वाला करार दिया है।

दरअसल, गुरुवार को उत्तर 24 परगना जिले में एक सार्वजनिक रैली को संबोधित करते हुए भाजपा नेता दिलीप घोष ने हिंदुओं से हथियार रखने का आह्वान किया है। घोष ने हिंदुओं की आलोचना की कि वे टेलीविजन सेट, रेफ्रिजरेटर और फर्नीचर जैसी विलासिता की वस्तुओं पर खर्च करते हैं, जबकि आत्मरक्षा के लिए घर पर हथियार रखना भूल जाते हैं।
"पुलिस आपको नहीं बचाएगी"
दिलीप घोष ने कहा "जब कुछ होता है, तो वे पुलिस को बुलाते रहते हैं। पुलिस आपको नहीं बचाएगी।" उन्होंने कहा "दस साल पहले, लोगों को नहीं पता था कि रामनवमी जुलूस क्या होता है। आज, हर इलाके में ऐसे जुलूस निकाले जा रहे हैं क्योंकि हिंदुओं को एहसास हो गया है कि उन्हें एकजुट होने की जरूरत है। यहां तक कि भगवान भी कमजोरों के साथ नहीं खड़े होते।"
दिलीप घोष के बयान पर भड़की TMC
इस बयान ने न केवल विपक्ष को नाराज़ किया है, बल्कि तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने भी इसकी कड़ी निंदा की है, इसे "भड़काऊ" करार दिया है। घोष की टिप्पणियों वाला वायरल वीडियो आलोचना का केंद्र बन गया है, हालांकि इसकी प्रामाणिकता अभी भी सत्यापित नहीं हुई है।
"ऐसे बयान से हिंसा भड़क सकती है"
भाजपा नेता दिलीप घोष के बयान पर मुर्शिदाबाद से टीएमसी विधायक हुमायूं कबीर ने प्रतिक्रिया व्यक्त की और घोष के इस बयान के जरिए सांप्रदायिक तनाव भड़काने का आरोप लगाया। कबीर ने कहा घोष की टिप्पणियों से हिंसा भड़क सकती है और पश्चिम बंगाल में सांस्कृतिक और सांप्रदायिक सद्भाव को नुकसान पहुंच सकता है, जिसके लिए पश्चिम बंगाल जाना जाता है।
टीएमसी विधायक हुमायूं कबीर ने कहा "अगर एक व्यक्ति दूसरे पर हमला करता है, तो जवाबी कार्रवाई होगी। ये भाजपा नेता हिंदुओं को भड़काने और पश्चिम बंगाल के सद्भाव और संस्कृति को बाधित करने के लिए धर्म का इस्तेमाल कर रहे हैं।"












Click it and Unblock the Notifications