Weather: 'लू' से मिलेगी राहत, 2 मई से दिल्ली समेत कई राज्यों में कम होगा पारा, IMD ने दिया बड़ा अपडेट
नई दिल्ली, 01 मई। भीषण गर्मी की मार सह रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर आई है। भारतीय मौसम विभाग ने अपने ताजा अपडेट में कहा है कि सोमवार से दिल्ली समेत कई राज्यों में 'लू' से राहत मिल सकती है। IMD के वरिष्ठ वैज्ञानिक आर.के. जेनामणि ने मीडिया से बात करते हुए रविवार को कहा कि अब नॉर्थ-वेस्ट इलाकों में गर्म हवा के कम होने के आसार नजर आ रहे हैं। जिसकी वजह से दिल्ली समेत कई राज्यों में अब तापमान 3 से चार डिग्री तक गिर सकता है जिससे लोगों को राहत मिलेगी।

दिल्ली समेत कई राज्यों में कम होगा पारा,
IMD के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा,चंडीगढ़,दिल्ली, दक्षिण यूपी, कच्छ और पूर्वी राजस्थान में 'लू' का प्रकोप कम होगा और तापमान में गिरावट आएगी यही नहीं इन राज्यों में 2 मई से लेकर 5 मई तक तापमान सामान्य रहेगा।
Recommended Video

मछुआरों को समुद्र में जाने से मना किया गया
तो वहीं 4 मई के आसपास दक्षिण अंडमान सागर के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण बनने की संभावना है, जिसके चलते अंडमान सागर के आस-पास के इलाकों में भारी बारिश होने के आसार नजर आ रहे हैं और इस वजह से मौसम विभाग ने 4 से लेकर 6 मई के बीच मछुआरों को समुद्र में जाने से मना किया है। फिलहाल अगले 24 घंटों के दौरान इस प्रेशर की स्थिति और साफ होने के आसार हैं।

अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है
हालांकि निजी एजेंसियां इस लो प्रेशर सिस्टम के चक्रवात में बदलने की बात कह रही हैं लेकिन मौसम विभाग ने कहा है कि इस बारे में अभी स्पष्ट रूप से कुछ कहा नहीं जा सकता है लेकिन इस लो प्रेशर के कारण 05 मई को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है।

भयंकर गर्मी की चपेट में उत्तर भारत
आपको बता दें कि इस वक्त पूरा उत्तर भारत भयंकर गर्मी की चपेट में हैं। आसमान से गोले बरस रहे हैं और लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। दिल्ली में तो पिछले 12 साल का रिकॉर्ड गर्मी का टूट गया है। हालांकि मौसम विभाग ने कहा है कि 2 मई से हालात बदलेंगे और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और आंधी-तूफान की आशंका है।
Pre-मानसून गतिविधियां प्रारंभ होगी
हालांकि मौसम की जानकारी देने वाली निजी संस्था स्काईमेट ने कहा है कि उत्तर भारत में अब 2 मई के बाद Pre-मानसून गतिविधियां प्रारंभ होगी और इस बार का मानसून सीजन काफी अच्छा होगा और सामान्य से अधिक बारिश होगी, जो कि किसानों के लिए खुशखबरी है, फिलहाल मौसम का उतार-चढ़ाव लोगों के स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकता है इसलिए हर किसी को सेहत के प्रति काफी सचेत रहने की जरूरत है।












Click it and Unblock the Notifications