Weather Update: बारिश डाल सकती है स्वतंत्रता दिवस के जश्न में खलल, IMD ने इन क्षेत्रों के लिए जारी किया अलर्ट
Weather Update: मॉनसून ने स्वतंत्रता दिवस से पहले दक्षिण और मध्य भारत से उत्तर और पूर्व की ओर रुख कर लिया है। इस समय मॉनसून ट्रफ दिल्ली के करीब है, जिससे राजधानी में बारिश की स्थिति संवेदनशील बनी हुई है।
स्काईमेट के अनुसार, 15 अगस्त को होने वाले समारोह में बारिश खलल डाल सकती है। सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे के बीच कभी रिमझिम तो कभी तेज बौछारें आने की संभावना है। मौसम विभाग ने 16 अगस्त तक येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। अधिकतम तापमान 32 से 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री तक रह सकता है।

प्रदूषण में कमी
बारिश के कारण प्रदूषण में भी कमी आई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के एयर बुलेटिन के अनुसार, बुधवार को राजधानी का एक्यूआई 79 रहा। अगले तीन दिन प्रदूषण संतोषजनक स्तर पर रहेगा और इसके बाद भी अगले छह दिनों तक यह संतोषजनक से सामान्य स्तर पर रह सकता है।
आने वाले दिनों का मौसम
17 से 19 अगस्त तक बारिश फिर हल्की हो जाएगी, जिसमें अधिकतम तापमान 33 से 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री रह सकता है। इसके बाद, 20 अगस्त को फिर येलो अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। उस दिन अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री रह सकता है।
इससे पहले बुधवार को राजधानी में अधिकतम तापमान बढ़कर 35.4 डिग्री पर पहुंच गया था, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक था। कई दिनों बाद धूप ने अपनी तेजी दिखाई थी और न्यूनतम तापमान भी 26.6 डिग्री रहा था। सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक रिज में केवल 4 एमएम बारिश हुई थी जबकि ज्यादातर स्थान शुष्क बने रहे थे।
अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना है, जिससे राजधानी में मौसम ठंडा बना रहेगा और प्रदूषण कम रहेगा। मॉनसून ट्रफ दिल्ली के करीब होने के कारण राजधानी में बारिश की स्थिति संवेदनशील बनी हुई है और यह स्थिति अगले कुछ दिनों तक बनी रह सकती है।












Click it and Unblock the Notifications