Weather:दिल्ली-NCR में इस दिन के बाद हो सकती है बारिश, तापमान घटने का अनुमान- IMD
नई

अगले दो-तीन दिनों तक कोई राहत नहीं-मौसम विभाग
दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को भी सूर्य देवता ने जरा भी रहम नहीं किया और भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के दिन के अनुमान के मुताबिक आसमान से निकलती आग की धधक कई जगहों पर लगभग 46 डिग्री की टॉर्चर देने का संकेत दे गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि राजधानी और आसपास के शहरों में अगले कम से कम दो दिनों तक तो लू के थपेड़ों से राहत मिलने की किसी भी तरह के कोई आसार नहीं नजर आ रहे हैं।

हीटवेव क्या है?
बता दें कि मैदानी इलाकों में लू या हीटवेव की घोषणा तब की जाती है, जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक और सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री ज्यादा रहता है और पहाड़ी इलाकों में जब तापमान कम से कम 30 डिग्री सेल्सियस या इससे ज्यादा होता है। जब तापमान सामान्य से 6.5 डिग्री ऊपर चला जाता है तो इस स्थिति को मौसम विज्ञान की भाषा में भयंकर लू की स्थिति कहा जाता है।

पूरे अप्रैल चुभती गर्मी ने झुलसाया
अकेले राष्ट्रीय राजधानी ही नहीं, पश्चिमी राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और झारखंड ने भी अप्रैल महीने में बहुत ही ज्यादा झुलसा देने वाली गर्मी का सामना किया है। आईएमडी के वरिष्ठ वैज्ञानिक आरके जेनामणि ने कहा है, 'दिल्ली में आज का तापमान 0.5-1 डिग्री तक बढ़ सकता है और कुछ जगहों पर 46 डिग्री सेल्सियस को छू सकता है। हरियाणा में कुछ जगहों पर तापमान 46 डिग्री के भी पार जा सकता है। आज सबसे ज्यादा तापमान हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में रहेगा।' (शुक्रवार दिन में 12:45 के बुलेटिन के मुताबिक)

शनिवार को धूल भरी आंधी चल सकती है
मौसम विभाग के अधिकारी के मुताबिक अगले तीन दिनों तक यानी 29 अप्रैल से लेकर 1 मई तक दिल्ली के साथ-साथ पश्चिमी राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी यूपी, मध्य प्रदेश और झारखंड के लिए 'येलो' (अलर्ट) चेतावनी जारी की गई है। यही नहीं मौसम विभाग ने शनिवार यानी 30 अप्रैल के लिए पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर धूल भरी आंधी चलने की भी संभावना जताई है। येलो अलर्ट तब जारी किया जाता है जब कई जगहों पर दो दिनों तक लू या हीटवेव की स्थिति बनी रह जाती है।

लू से कैसे बचें ?
लू की स्थिति खासकर नवजातों, बुजुर्गों और गंभीर रोग से पीड़ित लोगों के लिए काफी नुकसानदेह साबित हो सकती है। लू लगने की आशंका तब रहती है,जब ज्यादा देर तक धूप में रहा जाए या काम किया जाए। एक्सपर्ट की राय है कि धूप में जाने से बचें, ठंडी जगहों पर रहें और शरीर में पानी की कमी ना होने दें। उनकी सलाह कि इससे बचने के लिए प्यास नहीं लगी हो तो भी पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, हल्के और ढीले कपड़े पहनें, कपड़े के रंग भी हल्के रखें, सूती कपड़े पहनें और सिर को कपड़े, टोपी या छाते से ढक कर रखें।

दिल्ली-एनसीआर में 2 मई के बाद हो सकती है बारिश
मौसम विभाग ने शुक्रवार को सबसे बड़ी राहत की खबर दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए दी है। इसके मुताबिक 2 मई के बाद पश्चिम विक्षोभ के साथ ही तापमान में गिरावट आने की संभावना है और इसने इसकी वजह से बारिश और गरज के साथ बौछार की भविष्यवाणी की है। जेनामणि ने कहा है, 'इसलिए, 2 मई से 4 मई तक तापमान 36 डिग्री से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।'












Click it and Unblock the Notifications