दिल्ली-NCR में गर्मी ने दिखाए तेवर, टूटा 8 साल का रिकॉर्ड
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली और एनसीआर में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। सोमवार को दिल्ली में गर्मी ने पिछले आठ सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। कल तापमान सामान्य से 5 डिग्री अधिक 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक आने वाले दिनों में इसमें और बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। 14 मार्च से बादल छा सकते हैं, लेकिन बारिश के आसार कम हैं।
सोमवार पिछले आठ सालों का सबसे गर्म दिन साबित हुआ। वहीं मार्च महीने में अधिकतम तापमान ने वर्ष 2008 में 37.5 डिग्री, 2010 में 39.2 डिग्री तथा 2017 में 38.8 डिग्री पर पहुंचकर रिकॉर्ड बनाया था। पूर्वानुमान के मुताबिक, 14 मार्च को बादल छाने की वजह से तापमान में गिरावट आ सकती है। इसके बाद 15 को धूल भरी तेज हवाएं चलेंगी। बूंदाबांदी की हल्की संभावना है। तापमान इसके बाद अगले 2 से 3 दिन 33 डिग्री रहने के आसार हैं।
वर्तमान स्थिति के अनुसार 25 मार्च से एक बार फिर मौसम में परिवर्तन आयेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान बढ़ने से गर्मी बढ़ेगी। पछुआ हवा की रफ्तार में भी इजाफा होगा, इसके लू की स्थिति बन सकती है।
आपको बता दें कि मौसम विभाग ने इस वर्ष फरवरी में ही इस बात का जिक्र किया था कि इस वर्ष पूरे देश में सामान्य तापमान एक से दो डिग्री सेल्सियस अधिक रहेगा। मार्च से ही तेज होती गर्मी अब इस अनुमान को सही साबित कर रही है।