दिल्ली-एनसीआर में आज साफ रहेगा मौसम, ठंड का प्रकोप जारी
दिल्ली-एनसीआर में आज भी ठंड और कोहरे की मार जारी है। कोहरे के कारण दिल्ली आने-जाने वाली कई ट्रेनें लेट चल रही हैं।
नई दिल्ली। दिल्ली समेत पूरा उत्तर भारत इस समय शीतलहर की चपेट में है। पहाड़ों पर लगातार हो रही भारी बर्फबारी के कारण मैदानी इलाके कांप रहे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक पहाड़ों पर बर्फबारी जारी रहने से ठंड से फिलहाल राहत के आसार नहीं हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि दिल्ली-एनसीआर में आज मौसम साफ रहेगा। पहले आशंका जताई जा रही थी कि खराब मौसम का असर गणतंत्र दिवस की परेड पर भी पड़ सकता है, लेकिन मौसम विभाग का कहना है कि 26 जनवरी को दिनभर आसमान साफ रहेगा। हालांकि, कोहरे और धुंध के कारण दिल्ली आने-जाने वाली कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से लेट चल रही हैं।

आपको बता दें कि पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी से मैदानी इलाकों में ठिठुरन बढ़ रही है। हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर और उत्तराखंड में इस समय भारी बर्फ पड़ रही है। इससे पहले गुरुवार देर रात हुई बारिश के बाद शुक्रवार को तापमान में गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को दिन में भी आसमान में बादल छाए रहे। कोहरे और धुंध के चलते दिल्ली आने-जाने वाली 11 ट्रेनें अपने निर्धारित समय से काफी लेट रहीं, जिससे यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ठंड से केवल दिल्ली एनसीआर ही नहीं बल्कि पूरा उत्तर भारत बुरी तरह कांप रहा है।












Click it and Unblock the Notifications