Weather update: IMD ने इस राज्य में अगले 5 दिनों तक भारी बारिश का जताया अनुमान
मौसम विभाग ने असम में अगले पांच दिनों तक भारी से बहुत ज्यादा भारी बारिश का अनुमान जताया है। इस दौरान बाढ़ और भू-स्खलन की भी आशंका जताई गई है। पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों में भी बारिश हो सकती है।
दिल्ली-एनसीआर और पूरे उत्तर भारत समेत देश का अधिकतर हिस्सा इस समय भयंकर गर्मी की चपेट में है। लेकिन, इसी दौरान भारतीय मौसम विभाग ने असम में अगले पांच दिनों तक व्यापक रूप से भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई है। इसके लिए मौसम विभाग ने रविवार को एक विशेष मौसम बुलेटिन जारी किया है।
भारतीय मौसम विभाग के गुवाहाटी स्थित क्षेत्रीय मौसम केंद्र ने रविवार को जारी एक विशेष मौसम बुलेटिन में रविवार और सोमवार के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है। इसके साथ ही मंगलवार से गुरुवार तक के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है।

येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग की ओर से 'येलो अलर्ट' जारी होने का मतलब है मौसम की गतिविधियों पर नजर रखना, जबकि 'ऑरेंज अलर्ट' का मतलब है ऐक्शन के लिए तैयार हो जाना। इन पांच दिनों के दौरान बंगाल की खाड़ी से पूर्वोत्तर भारत की ओर निचले स्तर पर शक्तिशाली दक्षिणी/दक्षिणीपश्चिमी हवा की स्थिति की वजह से नमी बनने की बहुत ज्यादा संभावना है।
आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी
क्षेत्रीय मौसम केंद्र के मुताबिक 'इसके प्रभाव से अगले पांच दिनों तक असम में व्यापक रूप से बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेगी, जिसमें भारी से बहुत भारी बारिश/आंधी-तूफान के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है।'
पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों में भी हो सकती है भारी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक मौसम की यह स्थिति अन्य पूर्वोत्तरी राज्यों जैसे कि अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर और मिजोरम में भी बनने की संभावना है। इस दौरान सड़कों पर जल भराव की वजह से ट्रैफिक में रुकावट की स्थिति पैदा हो सकती है, साथ ही साथ आंधी-तूफान की वजह पेड़ों के उखड़ने, इसकी शाखाओं के टूटने की घटनाएं भी हो सकती हैं।
फसलों को भी हो सकता है नुकसान
इन परिस्थितियों में बिजली से जुड़ी समस्याएं पैदा होने की भी संभावना है। रिपोर्ट में कहा गया है कि 'भारी बारिश की वजह से खड़ी फसलों और तैयार सब्जियों को नुकसान हो सकता है। खुले स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने से इंसान और मवेशी भी जख्मी हो सकते हैं।'
बाढ़-भूस्खलन का भी अलर्ट
रिपोर्ट के अनुसार कई स्थानों पर भारी बारिश की वजह से बाढ़ और भू-स्खलन जैसे हालात भी पैदा हो सकते हैं। (इनपुट-पीटीआई)
Special weather bulletin pic.twitter.com/tMJRKURuw5
— RWFC Guwahati (@GuwahatiRmc) June 11, 2023
Impact based #warning pic.twitter.com/RRm8s9fKTu
— RWFC Guwahati (@GuwahatiRmc) June 11, 2023












Click it and Unblock the Notifications