Weather Forecast: दिल्ली-NCR का चढ़ेगा पारा लेकिन पहाड़ों पर होगी बारिश, जानिए IMD का बड़ा अपडेट
आईएमडी के वैज्ञानिक नरेश कुमार ने मीडिया से कहा कि मौसम में लगातार परिवर्तन हो रहे हैं और एक बार फिर से ये हिमाचली रीजन में पलटी मार सकता है।

Weather Forecast: उत्तर भारत में अब मौसम गर्म होने लग गया है, फरवरी के महीने में ही कई जगहों पर पारा 30 से ऊपर है तो वहीं भारतीय मौसम विभाग ने अपने ताजा अपडेट में कहा है कि हिमाचली क्षेत्र में एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से पहाड़ों पर बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है लेकिन ये केवल उच्च एरिया को प्रभावित करेगा और इसके चलते कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान, हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश होगी और यहां के तापमान में तेजी से गिरावट आएगी लेकिन मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क ही रहेगा, हालांकि यहां के तापमान में तेजी से इजाफा होगा।
हिमाचली रीजन में पलटी मार सकता है मौसम
मौसम के बारे में जानकारी देते हुए आईएमडी के वैज्ञानिक नरेश कुमार ने मीडिया से कहा कि मौसम में लगातार परिवर्तन हो रहे हैं और एक बार फिर से ये हिमाचली रीजन में पलटी मार सकता है। बारिश की वजह से उत्तर पश्चिम भारत में तापमान में 1-2 डिग्री की गिरावट आएगी लेकिन दिल्ली-एनसीआर में,हम अधिकतम तापमान 31-33 डिग्री के बीच रहने की उम्मीद कर रहे है, उन्होंने आगे कहा कि पिछले कई दिनों से उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में मौसम मुख्य रूप से ड्राई है और इसी कारण अब अधिकतम तापमान में तेजी से वृद्धि होगी। फिलहाल अभी भी यहां जो अधिकतम तापमान चल रहा है, वो सामान्य से कहीं ज्यादा है।
दिल्ली का बढ़ा पारा, लोग हैरान
आपको बता दें कि दिल्ली में कल तापमान 35 डिग्री पहुंच गया था, पिछले 9 सालों में फरवरी में कभी भी दिल्ली इतनी गर्म नहीं हुई है। आईएमडी ने अगले 5 दिनों में उत्तर पश्चिम भारत, मध्य भारत और पश्चिमी भारत में अधिकतम तापमान के सामान्य से 3 से 5 डिग्री ज्यादा होने की बात कही है।
हीटवेव का यलो अलर्ट जारी
जहां दिल्ली का ये हाल है, वहीं दूसरी ओर मुंबई, रत्नागिरी और कोंकण में हीटवेव का यलो अलर्ट जारी है तो वहीं गुजरात और पश्चिमी राजस्थान में भी लू चल सकती है, जबकि असम, पश्चिम बंगाल, अरूणाचल प्रदेश, सिक्किम में भी हल्की बारिश के आसार नजर आ रहे हैं। जबकि आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक -तेलंगाना में मौसम शुष्क और गर्म रहने वाला है, यहां भी अधिकतम तापमान बढ़ने के आसार हैं। तो वहीं पहाड़ों पर बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी है, हालांकि पहाड़ों पर भी गर्मी का असर हो रहा है और शिमला समेत कई शहरों के अधिकतम तापमान में इजाफा हो गया है, जिसकी वजह से इस बार यहां सैलानियों का आना-जाना कम हो गया है, जिससे पर्यटन पर असर पड़ा है।












Click it and Unblock the Notifications