Aaj Ka Mausam: ठंड का डबल डोज! दिल्ली-NCR में येलो अलर्ट, 11 ट्रेनें लेट, जानें किन राज्यों में बारिश के आसार
Aaj Ka Mausam Delhi: देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत पूरा उत्तर भारत हाड़ कंपाने वाली ठंड का सामना कर रहा है। सर्दी का सितम बदस्तूर जारी है। कोहरा और शीतलहर मिलकर डबल अटैक कर रहा है। हाथ जमा देने वाली सर्दी लोगों के जीवन में खलल डाल रही है। घरों से बाहर निकलने में लोग कतराने लगे हैं।
मौसम विभाग की मानें तो, अभी यह स्थिति बरकरार रहने वाली है। ठंड इतनी आसानी से पीछा नहीं छोड़ेगी। मौसम विभाग ने चेतावनी देते हुए कहा है कि आगामी दिनों में उत्तर पश्चिम भारत और मध्य भारत के राज्यों में ठंड और बढ़ सकती है। 21 और 22 जनवरी को उत्तर भारत के अन्य राज्यों में शीतलहर का प्रकोप छाया रहेगा। हालांकि, दिन के चढने के साथ ही कोहरा बेशक कम होने की स्थिति रहेगी। लेकिन, बर्फीली शीतलहर गलन का एहसास करती रहेगी।

दिल्ली-एनसीआर में येलो अलर्ट जारी
मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के वैज्ञानिक कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा कि रविवार को दिल्ली में अलग-अलग स्थानों पर कोल्ड डे की स्थिति देखी जा सकती है। इसके अलावा, दिन के शुरुआती घंटों में हल्का से मध्यम कोहरा छाए रहने की भी संभावना है। इसी के साथ ही रविवार के लिए एक पीला अलर्ट भी जारी किया गया है।
जिसमें कहा गया कि सुबह में मध्यम से घने कोहरे के साथ-साथ राजधानी के भीतर अलग-अलग स्थानों पर ठंडे दिन की स्थिति देखी जा सकती है। अभी जो हवाएं दिल्ली में आ रही हैं, वे पछुआ हवाएं हैं, जो तापमान बढ़ाने के लिए जिम्मेदार हैं। स्काईमेट के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने कहा कि हालांकि, रविवार को ठंडे दिन की स्थिति बने रहने की थोड़ी संभावना है। लेकिन, अब दिल्ली में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी देखी जाएगी।
दिल्ली-एनसीआर की हवा "बहुत खराब"
दिल्ली-एनसीआर में मौसम की स्थिति में थोड़ा सुधार हुआ। क्योंकि घना कोहरा हल्की धुंध में बदल गया और तापमान 17.7 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया। हालांकि, 329 एक्यूआई के साथ हवा की गुणवत्ता "बहुत खराब" रही। आईएमडी ने रविवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें ठंडे दिन की स्थिति और सुबह में मध्यम से घने कोहरे की आशंका की गई है। AQEWS ने अनुमान लगाया है कि हवा की गुणवत्ता 21 जनवरी तक "बहुत खराब" रहेगी और 23 जनवरी को फिर से खराब हो जाएगी।
सूरज निकलने के बाद भी रातें सर्द
घने कोहरे ने दिल्ली-एनसीआर को त्रस्त कर दिया है, जिससे दृश्यता कम हो गई है और पिछले कुछ हफ्तों में उड़ानों और ट्रेनों में देरी हुई है। शनिवार को बहुत उथली धुंध में बदल गया और ठंडे दिन की स्थिति में मामूली कमी आई, जिससे बीच में कुछ राहत मिली। हालांकि रातें इतनी ठंडी नहीं थीं और दिन में कुछ धूप निकलने से मदद मिली। लेकिन, शनिवार को अभी भी काफी ठंड महसूस हुई। क्योंकि, सफदरजंग में रात के न्यूनतम तापमान और दिन के अधिकतम तापमान के बीच का अंतर घटकर 9.2 डिग्री सेल्सियस के एकल अंक पर आ गया।
कोहरे के कारण 11 ट्रेनें प्रभावित
उत्तर रेलवे के अनुसार, शनिवार को आसमान पूरी तरह से साफ नहीं था और कोहरे की स्थिति के कारण राजधानी आने वाली या यहां से गुजरने वाली कम से कम 11 ट्रेनें देरी से चलीं। हवाई अड्डे के अधिकारियों ने कहा कि किसी भी उड़ान संचालन पर असर नहीं पड़ा।
इन राज्यों में बारिश की संभावना
- हल्की बारिश: स्काईमेट वेदर की रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार को केरल, तमिलनाडु और लक्षद्वीप में और अरुणाचल प्रदेश में हल्की बारिश संभव।
- घना कोहरा: पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में सुबह और रात घने कोहरे संभावना।
- शीत लहर: पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तरी राजस्थान और उत्तरी मध्य प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में गंभीर शीत लहर।












Click it and Unblock the Notifications