राकेश टिकैत का बड़ा बयान- दिल्ली-नोएडा बॉर्डर को फिर से किया जाएगा ब्लॉक
नई दिल्ली। नए कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली की सीमाओं पर किसान पिछले 111 दिनों से डटे हुए हैं। अपनी मांगों और आंदोलन को और मजबूत बनाने के लिए किसान नेता कुछ न कुछ आयोजन कर रहे हैं। ऐसी चर्चा हो रही है कि किसान फिर दिल्ली-नोएडा बॉर्डर को ब्लॉक करने वाले हैं। इसे लेकर भारतीय किसान यूनियन के नेता और प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा है कि हां ये बात सच है कि हम दिल्ली-नोएडा सीमा को ब्लॉक करने वाले हैं। तारीख के बारे में पूछे जाने पर टिकैत ने कहा कि तारीख अभी तय नहीं है, समिति की बैठक में इसपर फैसला लिया जाएगा। इसके बाद तय तारीख पर दिल्ली-नोएडा बॉर्डर को ब्लॉक किया जाएगा।
Recommended Video

आपको बता दें कि 26 जनवरी से पहले दिल्ली-नोएडा बॉर्डर ब्लॉक था। लेकिन उसी दिन लाल किले वाली हिंसा के बाद से आंदोलन के समर्थन में भारतीय किसान यूनियन (भानू) के कार्यकताओं ने अपना समर्थन वापस ले लिया था और दिल्ली नोएडा बॉर्डर से उठने की घोषणा कर दी थी। तभी से दिल्ली नोएडा बॉर्डर पर यात्री सामान्य आवाजाही कर रहे हैं। लेकिन राकेश टिकैत के इस बयान के बाद आशंका बढ़ गई है कि कहीं आंदोलनकारी फिर से बॉर्डर बंद न कर दें।
वहीं दूसरी तरफ टिकरी बॉर्डर पर भारतीय किसान यूनियन उमराहां ने कहा है कि 21 से 23 मार्च के बीच पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड के अलावा देश के दूसरे कई राज्यों में भी युवा सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस सम्मेलन में युवाओं को प्रेरित किया जाएगा कि वो दिल्ली की सीमाओं पर चल रहे किसानों के प्रदर्शन में शामिल हों। इस सम्मेलन की शुरूआती पंजाब से की जाएगी और उसके बाद अलग-अलग राज्यों में किसान नेता युवाओं के बीच बैठक करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications