'दुआ करो, जिस दिन सत्ता में आएंगे 1 घंटे में समाधान होगा', कांग्रेस MP इमरान मसूद का वक्फ कानून पर बड़ा बयान
Congress MP Imran Masood: वक्फ (संशोधन) कानून को लेकर देशभर में विवाद हो रहा है। सड़कों पर विरोध प्रदर्शन से लेकर सोशल मीडिया पर इसके खिलाफ आवाज बुलंद की जा रही है। विपक्षी पार्टी और मुस्लिम सगंठन इसका पुरजोर विरोध कर रहे हैं। ऐसे में कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के एक बयान पर विवाद हो रहा है। इमरान मसूद ने खुलेआम कहा है कि अगर वो एक बार सत्ता में आ गए तो इस कानून का एक घंटे में समाधान हो जाएगा।
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सोमवार (13 अप्रैल) को कहा कि अगर उनकी पार्टी केंद्र में सत्ता में वापस आती है तो नए संशोधित वक्फ कानून को निरस्त कर दिया जाएगा। उनका यह बयान ऐसे समय में आया है, जब वक्फ कानून को लेकर विरोध प्रदर्शन जारी है। हैदराबाद में आयोजित ऑल इंडिया मुस्लिम लीग काउंसिल के एक कार्यक्रम में मसूद ने यह बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि वे वक्फ कानून में बदलाव घंटे भर में कर देंगे।

इमरान मसूद बोले- आज मुसलमानों को निशाना बनाया जा रहा है, कल किसी ओर की बारी होगी
इमरान मसूद ने एक टीवी चैनल से बात करते हुए कहा, "जिस दिन हम सत्ता में आए, हम एक घंटे में ही इस बिल को जड़ से उखाड़ फेंकेंगे। आज वे मुसलमानों को निशाना बना रहे हैं, कल वे किसी और पर हमला करेंगे...आपको यह कामना करनी चाहिए कि हम फिर से सत्ता में आएं।''
सोशल मीडिया एक्स पोस्ट पर भी इमरान मसूद ने लिखा, ''आप दुआ करो, जिस दिन आ जाएंगे 1 घंटे में समाधान हो जाएगा।'' इमरान मसूद का ये पोस्ट वायरल हो गया है।
'अगर मस्जिदें नहीं बचेंगी तो नमाज कहां पढ़ेंगे'
इमरान मसूद ने कहा, 'अगर देश में मस्जिदें नहीं बचेंगी तो हम नमाज कहां पढ़ेंगे...? कब्रिस्तान नहीं होंगे तो दफन कहां करेंगे? ईदगाहों का क्या होगा? आप लोगों को दुआ करना चाहिए कि हम सत्ता में आ जाएं...जिस दिन आएंगे... घंटे भर में नए वक्फ कानून का इलाज कर देंगे।'
इमरान मसूद ने यह भी कहा कि इस समय समंदर में तूफान है और तूफान का मुकाबला बड़ी कश्तियां करती हैं, छोटी नावें नहीं हैं...हमें एकजुट होकर बड़ी लड़ाई लड़ने के लिए तैयार रहना होगा।
भाजपा प्रवक्ता ने दी तीखी प्रतिक्रिया
इमरान मसूद के इस बयाव पर भाजपा प्रवक्ता यासिर जिलानी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि ये देश का सामाजिक सौहार्द बिगाड़ सकते हैं। यासिर जिलानी ने कहा, ''इमरान मसूद जैसी आपराधिक सोच रखने वाले नेता देश की शांति और भाईचारे के लिए खतरा हैं। मरान मसूद जैसे नेता गरीब मुसलमानों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। मोदी सरकार ने वक्फ संपत्तियों को लेकर जो कदम उठाए हैं, उससे वंचित और शोषित मुसलमान खुश है। जैसे पहले था...सब वैसा ही रहेगा...यह सरकार के वरिष्ठ नेताओं ने स्पष्ट कर दिया है।''












Click it and Unblock the Notifications