दिल्ली के सिग्नेचर ब्रिज पर किन्नरों ने निर्वस्त्र होकर किया डांस, वीडियो हुआ वायरल
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ किन्नर सिग्नेचर ब्रिज के ऊपर कपड़े उतारकर अश्लील डांस कर रहे हैं।
Recommended Video

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में हाल ही में तैयार हुआ सिग्नेचर ब्रिज अपने उद्घाटन के बाद से ही चर्चाओं में है। पहले उद्घाटन कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्लाह खान और भाजपा सांसद मनोज तिवारी के बीच विवाद हुआ और फिर अपनी जान खतरे में डालकर लोगों के सेल्फी लेने का मामला सुर्खियों में आया। अब एक बार फिर से सिग्नेचर ब्रिज चर्चाओं में है। दरअसल सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ किन्नर सिग्नेचर ब्रिज के ऊपर खड़े होकर अश्लील डांस कर रहे हैं। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आसपास खड़े लोगों ने बनाया वीडियो
जानकारी के मुताबिक सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडिया में नजर आ रहा है कि कुछ किन्नर कपड़े उतारकर सिग्नेचर ब्रिज पर अश्लील डांस कर रहे हैं। वहीं, आस-पास खड़े लोग अपने मोबाइल से उनका वीडियो बना रहे हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो दिल्ली पुलिस हरकत में आ गई और मामले में एफआईआर दर्ज की। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि वीडियो संज्ञान में आने के बाद इस मामले में सार्वजनिक स्थान पर अश्लील हरकत करने का केस दर्ज किया गया है। वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

जान जोखिम में डालकर सेल्फी ले रहे लोग
आपको बता दें कि हाल ही में मीडिया में कुछ तस्वीरें आईं थी, जिनमें इसी सिग्नेचर ब्रिज के ऊपर चढ़कर कुछ लोग जान जोखिम में डालकर सेल्फी ले रहे थे। लोग पुल के केबल पर चढ़कर तस्वीरें खिंचा रहे थे। इसके अलावा कुछ ऐसी तस्वीरें भी सामने आईं थी, जिनमें लोग अपनी चलती गाड़ियों की खिड़कियों से लटककर फोटो खिंचा रहे थे। इन तस्वीरों के सामने आने के बाद पुल पर पुलिस की तैनाती को लेकर सवाल उठे थे। अब अश्लील डांस का वीडियो सामने आने के बाद फिर से पुलिस की तैनाती बढ़ाने की मांग उठने लगी है।

उद्घाटन कार्यक्रम में भी हुआ विवाद
इससे पहले सिग्नेचर ब्रिज के उद्घाटन वाले दिन आम आदमी पार्टी और भाजपा नेताओं के बीच विवाद हुआ था। उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचे भाजपा सांसद और पार्टी के दिल्ली प्रदेश प्रभारी मनोज तिवारी से जुड़े दो वीडियो सामने आए थे, जिनमें से एक में आप विधायक अमानतुल्लाह खान ने कथित तौर पर उन्हें धक्का दिया था, जबकि दूसरे वीडियो में पुलिस के साथ उनका विवाद हुआ था। इस मामले में मनोज तिवारी एक एफआईआर दर्ज करा चुके हैं, जिसमें विधायक अमानतुल्लाह खान और सीएम अरविंद केजरीवाल का नाम शामिल है।












Click it and Unblock the Notifications