Kolkata Film Festival: कश्मीर फाइल के डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री ने ममता बनर्जी और AB पर साधा निशाना
विवेक अग्निहोत्री ने शुक्रवार को अपने एक ट्वीट में लिखा, ''ममता दीदी ने बॉलीवुड के साथ अपने 2024 अभियान की शुरुआत कर दी है। आखिरकार बॉलीवुड कुछ अलग कर रहा है।''

फिल्म निर्माता विवेक अग्निहोत्री ने कोलकाता फिल्म फेस्टिवल को लेकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और सुपरस्टार अमिताभ बच्चन पर निशाना साधा है। विवेक अग्निहोत्री ने शुक्रवार को अपने एक ट्वीट में लिखा, ''ममता दीदी ने बॉलीवुड के साथ अपने 2024 अभियान की शुरुआत कर दी है। आखिरकार बॉलीवुड कुछ अलग कर रहा है।'' बता दें, 28वां कोलकाता फिल्म फेस्टिवल 22 दिसंबर तक चलेगा। इसका उद्घाटन फिल्म हृषिकेश मुखर्जी की अभिमान से हुआ। फिल्म फेस्टिवल में 42 देशों की 183 फिल्मों को चुना गया है। फेस्टिवल के लिए 57 देशों की कुल 1078 फिल्मों ने आवेदन किया था। इस दौरान कोलकाता में 10 जगह पर लगभग 215 शो होंगे। इस दौरान सत्यजीत रे पर एक प्रदर्शनी, टॉक शो और फिल्मों पर चर्चा, और वर्कशॉप भी आयोजित की जाएंगी।
अमिताभ बच्चन ने क्या कहा ?
कार्यक्रम में अमिताभ बच्चन ने शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की फिल्म पठान पर जारी विवाद पर बयान दिया। अमिताभ ने कहा कि देश को आजादी मिले कई साल बीत चुके हैं, लेकिन आज भी नागरिक की स्वतंत्रता और फ्रीडम ऑफ स्पीच पर सवाल उठाए जा रहे हैं। कार्यक्रम में मौजूद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी अमिताभ की बात का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि अमिताभ ऐसी बात कह गए, जो कोई नहीं कह सकता। अमिताभ के इस बयान के बाद विवाद खड़ा हो गया।
बीजेपी ने ममता बनर्जी को घेरा
बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने कहा है कि अमिताभ के शब्द बंगाल से ज्यादा सटीक किसी और जगह के लिए नहीं हो सकते, क्योंकि उन्होंने फ्रीडम की बात ऐसी जगह कही है, जहां चुनाव के बाद सबसे ज्यादा खूनखराबा और हिंसा हुई थी।
विवेक अग्निहोत्री बोले- ममता दीदी ने बॉलीवुड के साथ...
इन सबके बीच 'द कश्मीर फाइल्स' बनाकर चर्चा में आए फिल्म निर्माता विवेक अग्निहोत्री ने भी ममता बनर्जी पर निशाना साधा। उन्होंने ट्वीट में कहा कि ममता दीदी ने बॉलीवुड के साथ अपने 2024 अभियान की शुरुआत कर दी है। इससे पहले विवेक अग्निहोत्री और अनुराग कश्यप आमने-सामने आ चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications