मंत्रिपरिषद की बैठक में विजन 2024 पर PM मोदी का फोकस, पुराने संसद भवन में ही होगा मानसून सत्र
Meeting of Council of Ministers: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में करीब 4 घंटे चली मंत्रिपरिषद की बैठक संपन्न हो गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को प्रगति मैदान कन्वेंशन सेंटर में मंत्रिपरिषद की बैठक की अध्यक्षता की।
मंत्रिपरिषद की बैठक में गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, अनुराग ठाकुर, जी किशन रेड्डी समेत लगभग सभी कैबिनेट मंत्री मौजूद रहे। बैठक के बाद मंत्रिपरिषद के सदस्यों को प्रगति मैदान कन्वेंशन सेंटर से निकलते देखा गया।

बैठक के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने मीटिंग की फोटो ट्विटर पर साझा करते हुए लिखा- मंत्रिपरिषद के साथ एक सार्थक बैठक हुई, जिसमें हमने विभिन्न नीति संबंधी मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक कुछ मंत्रालय विभिन्न केंद्रीय योजनाओं और उनके कार्यान्वयन की रिपोर्ट पेश कर सकते हैं।
2024 नहीं 2047 की तरफ देखें- पीएम
इसी के साथ केंद्र सरकार 20 जुलाई से शुरू होने वाले संसद के मानसून सत्र के लिए एजेंडा भी तैयार कर रही है। बैठक में पीएम मोदी ने साथी मंत्रियों से कहा कि चुनावी साल को देखते हुए जमकर मेहनत करें, केवल आने वाले लोकसभा चुनाव को ना देखें बल्कि 2047 की तरफ देखते हुए अपना काम करें। इसी के साथ पीएम मोदी ने सरकार के 9 साल के कामकाज को 9 महीने में बताने के लिए कहा।
मानसून सत्र पुराने संसद भवन में ही होगा
वहीं मीटिंग के बाद केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने मीडिया को बताया कि इस बैठक में विजन 2024 और विकास से जुड़े कदमों पर चर्चा की गई। केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने कहा, "हमारा फोकस बुनियादी ढांचे के विकास पर है, बैठक में यही कहा गया कि जिन मंत्रालयों को जो भी बिल लाना है वह जल्द ही लाएं। इस बार का मानसून सत्र पुराने संसद में ही होगा। आज की बैठक में देश को आगे ले जाने की क्या योजना है उसपर चर्चा हुई?"
कैबिनेट फेरबदल पर नहीं कोई चर्चा: सूत्र
उन्होंने कहा कि आज की बैठक में विजन 2024, विकासात्मक कार्य, भारत को आगे ले जाने के कदम, बुनियादी ढांचे के विकास जैसे विषयों पर चर्चा हुई। वहीं सूत्रों के अनुसार बैठक में केंद्रीय मंत्रिपरिषद में फेरबदल की संभावना को लेकर किसी तरह की चर्चा नहीं की गई। मंत्रिपरिषद की बैठक में फेरबदल पर चर्चा नहीं हुई। सिर्फ 2047 के विजन, सड़क, रेलवे और बंदरगाह आदि जैसे 16 महत्वपूर्ण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे के विकास पर ही चर्चा हुई।












Click it and Unblock the Notifications