AK-47 के साथ पोज देते दिखे बीजेपी नेता, तस्वीर हुई वायरल
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर में चौंकाने वाला मामला सामने आया है जहां एके-47 के साथ बीजेपी के एक बड़े नेता की तस्वीर सोशल मीडिया में वायरल हो रही है। एके-47 के साथ जिन बीजेपी नेता की तस्वीर वायरल हो रही है उनका नाम आशीष सरीन है। आशीष सरीन जम्मू-कश्मीर बीजेपी के उपाध्यक्ष हैं। वायरल हो रही तस्वीर में बीजेपी नेता आशीष सरीन एके-47 लिए हुए नजर आ रहे हैं। उनकी तस्वीर सामने आते ही सोशल मीडिया पर यूजर्स जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। इस बीच बीजेपी नेता आशीष सरीन ने भी अपनी वायरल तस्वीर को लेकर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि तस्वीर मेरे भाई ने अपलोड की थी, ऐसा करने के पीछे मेरा कोई गलत इरादा नहीं था।

जम्मू-कश्मीर के बीजेपी उपाध्यक्ष आशीष सरीन की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उनकी जमकर आलोचना हो रही है। सोशल मीडिया पर लोग इसको लेकर टिप्पणियां कर रहे हैं। इस घटना के सामने आने के बाद कानून-व्यवस्था को लेकर कई तरह के सवाल भी उठ रहे हैं। कहा जा रहा है कि बीजेपी नेता ये जानते हैं कि आज के युवा सोशल मीडिया पर कितना सक्रिय रहते हैं। ऐसे में एके-47 के साथ तस्वीर का प्रदर्शन करना लापरवाही को दर्शाता है।

दूसरी ओर तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने बाद खुद बीजेपी नेता आशीष सरीन सामने आए और पूरे मामले में अपना पक्ष रखा। बीजेपी नेता आशीष सरीन ने कहा कि कई राष्ट्रीय नेताओं की बंदूक के साथ तस्वीर होती है, मैं तो एक लोकल लीडर हूं। ऐसा करने के पीछे मेरा कोई गलत इरादा नहीं था, मैं इसके लिए अभी भी माफी चाहता हूं। वह तस्वीर मेरे भाई ने मेरे फोन से अपलोड कर दी थी ।
ये कोई पहली बार नहीं है जब कि किसी नेता की एके-47 के साथ इस तरह की तस्वीर सामने आई हो। इससे पहले साल 2014 में पीपल्स डेमोक्रेटिक पार्टी के विधायक जावेद मीर की भी ऐसी ही तस्वीर सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थी। उस समय पीडीपी के नेता जावेद मीर ने कहा था कि मुद्दे को जरूरत से ज्यादा तूल दिया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications