विकास दुबे के एनकाउंटर को कुमार विश्वास ने बताया फिल्मी पटकथा
लखनऊ। कानपुर एनकाउंटर का मुख्य अभियुक्त विकास दुबे आज सुबह पुलिस एनकाउंटर में मारा गया। पुलिस का कहना है कि जब वह उसे लेकर जा रहे थे, इसी दौरान कार का एक्सिडेंट हो गया और विकास दुबे हथियार छीनकर भागने की कोशिश करने लगा और एनकाउंटर में उसकी मौत हो गई। पुलिस की यह पटकथा किसी के भी गले नहीं उतर रही है और लोग पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़ा कर रहे हैं। विकास दुबे के एनकाउंटर के बाद सियासी हलचल भी तेज हो गई है और विपक्ष सरकार और पुलिस महकमे पर सवाल खड़ा कर रहा है। इस बीच कवि कुमार विश्वास फिल्म लेखक, संगीतकार स्वानंद किरकिर ने भी इस एनकाउंटर को लेकर पुलिस पर तंज कसा है।
Recommended Video

कुमार विश्वास ने बताया पटकथा
कुमार विश्वास ने ट्वीट करके यूपी पुलिस पर निशाना साधते हुए कहा कि फिल्म पटकथाओं में तो वास्तविकता बची नहीं है पर वास्तविकताओं में खूब फिल्मी पटकथा बची है। उन्होंने इस एनकाउंटर को लेकर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़ा किया है और इसे एक पटकथा करार दिया है। हालांकि आधिकारिक तौर पर यह कह पाना मुश्किल है कि विकास दुबे के एनकाउंटर के पीछे की असली क्या कहानी है, लेकिन इस एनकाउंटर के बाद कई ऐसे सवाल खड़े हो रहे हैं, जिनका जवाब दे पाना पुलिस के लिए काफी मुश्किल होगा। वहीं बॉलीवुड फिल्मों में लेखक और गीतकार स्वानंद किरकिरे ने भी इस पूरी घटना पर तंज कसा है। उन्होंने ट्वीट करके लिखा कि कोई लेखक ऐसा सीन लिख दे तो बोलेंगे बड़ा फिल्मी है।

पुलिस की कार्यशैली कटघरे में
विकास दुबे की गिरफ्तारी के बाद सबसे अहम सवाल यह है कि जो गैंगस्टर 8 पुलिसकर्मियों की हत्या में शामिल था क्या उसे बिना किसी सुरक्षा, हाथ में हकथकड़ी वगैरह पहनाए ले जाया जा रहा था। एक और बड़ा सवाल यह भी उठता है कि जिस गाड़ी में विकास दुबे सवार था, उस गाड़ी के एक्सिडेंट के बाद की तस्वीरों में देखा जा सकता है कि गाड़ी का ना तो शीशा टूटा है और ना ही गाड़ी के दरवाजे टूटे हैं। बहरहाल इस पूरे मामले की जांच को लेकर एक पक्ष सुप्रीम कोर्ट भी पहुंचा है, जिसने एनकाउंटर की जांच की मांग की है।

विकास के परिवार से पूछताछ
बता दें कि गुरुवार को विकास दुबे को उज्जैन के महाकाल मंदिर से गिरफ्तार किया गया था। जबकि देर शाम लखनऊ के कृष्णानगर थाने की पुलिस ने विकास दुबे की पत्नी और बेटे को हिरासत में लिया था और उनसे पूछताछ की थी। लखनऊ पुलिस ने विकास की पत्नी ऋचा और उनके बेटे को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। पुलिस का कहना था कि वह एनकाउंटर से जुड़ी जानकारी के लिए विकास दुबे की पत्नी से पूछताछ कर रही है, जबकि उनका बेटा जोकि नाबालिग है, वह मां के साथ सुरक्षित है।












Click it and Unblock the Notifications