Video: देखिए कैसे सेना ने हाइवे पर एक आईईडी को किया डिफ्यूज, पुलवामा जैसी बड़ी आतंकी साजिश को किया नाकाम
राजौरी। सेना (Indian Army) ने सोमवार को जम्मू-पुंछ नेशनल हाइवे पर एक आईईडी को डिफ्यूज किया है। आधिकारिक सूत्रों की ओर से इस पर जानकारी दी गई है। सूत्रों ने बताया है, 'सोमवार सुबह गश्त के दौरान सेना की टीम को काल्लार गांव के चिनगुस में एक आईईडी का पता चला।' इसके बाद तुरंत ही एक बॉम्ब डिफ्यूजल टीम को वहां पर रवाना किया गया।

कुछ देर तक ट्रैफिक रोकने के बाद आईईडी को डिफ्यूज करने के बाद इसे खोल दिया गया। बताया जा रहा है कि सेना ने एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है। पिछले हफ्ते ही पुंछ के मेंढर में एलओसी पर आईईडी ब्लास्ट हुआ था। इस ब्लास्ट में सात जवान घायल हो गए थे। 14 फरवरी को दक्षिण कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले के बाद से जम्मू कश्मीर में हाइवे पर कड़ी सुरक्षा है। 27 मई यानी सोमवार से ही हाइवे पर लगे प्रतिबंध को खत्म किया गया है। चुनावों को देखते हुए हाइवे पर सख्ती की गई थी। 14 फरवरी को पुलवामा में आतंकी हमले को जम्मू-श्रीनगर हाइवे पर अंजाम दिया गया था। इस हमले में जैश-ए-मोहम्मद के सुसाइड बॉम्बर ने, लेतपोरा जो अवंतिपोरा के करीब है, सीआरपीएफ काफिले को निशाना बनाया था। इस हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हो गए थे। सोमवार कोई आईईडी को सेना ने उस समय डिफ्यूज किया है जब एलओसी पर लगातार पाकिस्तान की तरफ से फायरिंग जारी है। ताजा मामले में और ज्यादा जानकारी का इंतजार है।












Click it and Unblock the Notifications