Coronavirus: लॉकडाउन के बाद दिल्ली-यूपी बॉर्डर पर निकले मजदूर, पैदल ही गांव लौटने को मजबूर, देखें VIDEO
नई दिल्ली। भारत में भी कोरोना का प्रकोप बढ़ रहा है। लेकिन उससे भी बड़ी समस्या है लॉकडाउन में प्रवासी मजदूरों की, जो रोजी-रोटी छिनने के बाद सैकड़ों किलोमीटर पैदल ही सड़कों पर देखे जा रहे हैं। वैसे केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राज्यों से उनकी मदद को कहा है। घर पहुंचने के लिए दिल्ली-यूपी बॉर्डर पर लोगों की बेतहाशा भीड़ जमा हो गई। लोग कोरोना की परवाह ना करते हुए ट्रकों से अपने घर पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं।
Recommended Video

बदरपुर बॉर्डर पर मथुरा, पलवल, झज्जर सहित अन्य जिलों के लिए मजदूर पैदल ही जा रहे हैं। इनकी जांच के लिए पुलिस भी मुस्तैद है। पुलिस ने एक मीटर का घेरा बना रखा है। उस घेरे में खड़े कर मजदूरों से जाने की वजह पूछी जा रही है। बॉर्डर पर ऐसे भी मजदूर पहुंच रहे हैं, जो भूखे-प्यासे हैं। ऐसे लोगों को पुलिस की तरफ से भोजन मुहैया कराया जा रहा है। उन्हें समझाकर पहले के स्थान पर रुकने की अपील भी की जा रही है, लेकिन वे इस कदर भयभीत हैं कि अपने गांव जाने पर अड़े हुए हैं।
उधर, कालिंदी कुंज बॉर्डर पर भी नोएडा की ओर जाने वालों की संख्या में प्रतिदिन इजाफा होता जा रहा है। पुलिस इन लोगों को समझाने का प्रयास कर रही है, लेकिन ये मानने को तैयार नहीं हैं। किसी तरह मजदूर दिल्ली बॉर्डर पार कर लेते हैं तो आगे उन्हें यूपी के नोएडा बॉर्डर पर रोक लिया जा रहा है। इससे बचने के लिए लोग कस्बों के रास्तों का सहारा ले रहे हैं।
दक्षिण-पूर्वी जिले के डीसीपी आरपी मीणा का कहना है कि वे लगातार सभी क्षेत्रों में पुलिसकर्मियों को लॉकडाउन के कारण मुसीबत में फंसे लोगों की मदद के निर्देश दे रहे हैं। ऐसे लोगों के लिए पुलिस की तरफ से हर स्तर पर मदद की जाएगी। बेवजह घरों से निकलने वालों पर भी पुलिस कार्रवाई कर रही है। आपको बता दें कि भारत में कोरोना से अब तक 17 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं दिल्ली के सीएम केजरीवाल का कहना है कि दिल्ली में हालात काबू में हैं। दिल्ली में कल से 4 लाख लोगों के लिए खाने का इंतजाम किया है।












Click it and Unblock the Notifications