केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो पर फिर हुआ हमला, वीडियो डाल बताई पूरी कहानी
कोलकाता। लोकसभा चुनाव 2019 में अब तक छह चरणों की वोटिंग हो चुकी है। पश्चिम बंगाल में भी 6 चरणों का मतदान हुआ है। आखिरी और सातवें चरण का मतदान 19 मई को है। पश्चिम बंगाल में अब तक एक भी चरण ऐसा नहीं रहा जो हिंसा से अछूता रहा हो। राज्य के प्रत्येक चरण के चुनाव में मतदान के दिन भारी हिंसा देखने को मिली है। 12मई को पश्चिम बंगाल में भी वोटिंग हुई। इस बार फिर से हिंसा का शिकार केंद्रीय मंत्री और आसनसोल के बीजेपी उम्मीदवार बाबुल सुप्रियो हुए। केंद्रीय मंत्री ने अपने उपर हुए हमले का एक वीडियो शेयर किया है।

ट्विटर पर एक वीडियो को शेयर करते हुए बाबुल सुप्रियो ने लिखा कि, बासीरहाट से बीजेपी उम्मीदवार सायंतन बसु के लिए एक रैली में हिस्सा लेने के बाद जब हम लौट रहे थे तो रास्ते में हम चाय पीने के लिए रुके। इस दौरान लोगों ने हमारे साथ सेल्फी भी ली। लेकिन तभी अचानक तृणमूल कांग्रेस के कुछ गुंडे आए और भद्दे नारे लगाने लगे। मेरी सुरक्षा में तैनात जवानों ने उन्हें रोकने की कोशिश की। लेकिन उन्होंने मेरी कार का शीशा तोड़ दिया और मुझपर हमला करने की कोशिश की।
बाबुल सुप्रियो ने लिखा कि, ममता को इस सब की बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी। कैसे... यह बस समय बताएगा..... बंगाल को लोगों ने पहले से ही तय कर लिया है। टीएमसी की हिंसक नासमझी की राजनीति से लोकतांत्रिक प्रक्रिया बिगाड़ सकती है। वे इसे रोकने में सक्षम नहीं है... बस देखें और इंतजार करें.. हम ऐसा करेंगे। बता दें कि इससे पहले पिछले माह भी बाबुल सुप्रियो और उनके समर्थकों की कार में आसनसोल में तोड़फोड़ की गई थी। उस दौरान भी बाबुल ने टीएमसी कार्यकर्ताओं पर ऐसा करने का आरोप लगाया था।
इस दौरान बाबुल एक चुनाव बूथ पर गए थे और बाहर खड़ी उनकी व समर्थकों की गाड़ी पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया था और उनकी गाड़ी तोड़ दी थी। बाद में बाबुल ने इसके खिलाफ मामला भी दर्ज करवाया था। लोकसभा चुनावों की शुरुआत से पहले ही टीएमसी और बीजेपी एक दूसरे पर जमकर आरोप प्रत्यारोप का दौर चलाती आई हैं। दोनों ही पार्टियां हिंसा और मारपीट की घटनाओं के लिए भी एक दूसरे को दोषी बताती रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications