'वे मेरे भाई हैं, उन्हें गले लगा सकता हूं लेकिन...', वरुण गांधी के कांग्रेस में शामिल होने पर बोले राहुल गांधी
होशियारपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी से वरुण गांधी के कांग्रेस शामिल होने की अटकलों को लेकर पूछा गया।

पंजाब के होशियारपुर में 'भारत जोड़ो यात्रा' के दौरान मंगलवार को राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। वरुण गांधी के कांग्रेस में शामिल होने की अटकलों के बीच राहुल गांधी ने बड़ा बयान दिया। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल गांधी ने वरुण गांधी को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में कहा कि, वे मेरे भाई है, उन्हें गले लगा सकता हूं लेकिन उस विचारधारा को स्वीकार नहीं कर सकता हूं।
होशियारपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी से जब वरुण गांधी के कांग्रेस शामिल होने की अटकलों को लेकर पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वरुण गांधी बीजेपी में हैं और मेरी विचारधारा उनकी विचारधारा से नहीं मिलती है। मेरे परिवार की एक विचारधारा है। उन्होंने आगे कहा, वरुण ने उस विचारधारा को अपना बनाया। मैं वरुण से गले लग सकता हूं लेकिन उस विचारधारा को स्वीकार नहीं कर सकता।
राहुल गांधी ने कहा कि, मैं कभी आरएसएस के ऑफिस में नहीं जा सकता। उसके लिए आपको पहले मेरा गला काटना पड़ेगा। वहीं यात्रा के दौरान एक युवक सुरक्षा घेरा तोड़कर राहुल गांधी के पास मिलने जा पहुंचा। इस प्रकरण पर राहुल गांधी ने पीसी के दौरान कहा कि यात्रा के दौरान उनकी सुरक्षा में कोई चूक नहीं हुई। राहुल ने कहा कि उत्साह में अक्सर ऐसी घटनाएं हो जाती है।
राहुल गांधी ने कहा कि, भारत की सभी संस्थाओं को आरएसएस और बीजेपी कंट्रोल कर रही है। सभी संस्थाओं पर उनका दवाब है। चुनाव आयोग, नौकरशाही, न्यायपालिका पर उन्होंने कब्जा कर रखा है। जो पहले राजनीतिक लड़ाई होती थी वैसी लड़ाई नहीं है। अब लड़ाई भारत की संस्थाओं और विपक्ष के बीच है।
पीसी के दौरान एक पत्रकार ने राहुल गांधी से सवाल किया कि, मान लीजिए कांग्रेस सत्ता में आती है और आप पीएम बन जाते हैं तो जिसे आप गोदी मीडिया का नाम देते हो, क्या आप उस पर रोक लगा देंगे। क्या उन्हें भी अपना गुलाम बना दोगे? इस पर राहुल गांधी ने कहा कि, मैंने 'गोदी मीडिया' कभी नहीं कहा है। यह मेरा फ्रेज नहीं है। मैं यह जरूर कहता हूं कि मीडिया को कंट्रोल किया जाता है, उसे कंट्रोल किया जाता है। मैं आपकी आलोचना नहीं कर रहा हूं। कांग्रेस पार्टी की विचारधारा स्वतंत्र मीडिया की विचारधारा है।
राहुल गांधी ने आगे कहा कि, हममें मीडिया को गुलाम बनाने की शक्ति नहीं है। जो मीडिया में नफरत फैलाई जाती है, आज मीडिया ध्यान भटकाने का रोल प्ले कर रहा है। जेबकतरा जब आता है, तो वह अकेला नहीं आता है। वह चार-पांच आते हैं, फिर ध्यान भटका कर जेब काटी जाती है। यह आप लोग नहीं, बल्कि आपका स्ट्रक्चर कर रहा है।
राहुल ने कहा कि ,आप लोग कहते हो हिंदू मुस्लिम, ऐश्वर्या राय, शाहरुख खान, बॉलिवुड, तेंदुलकर उधर देखो। और इधर किसान की लूट हो रही है। छोटे व्यापारी मारे जा रहे हैं। हमने जो आंकड़े लगाए हैं, इस पर आपने सवाल ही नहीं पूछा है। यह शाहरुख खान से जरूरी सवाल है। इन सवालों को पूछा जाना चाहिए। इन पर बात की जानी चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications