वरूण ने सुल्तानपुर को बताया अपनी 'मां' कहा बेटा यहीं से लड़ेगा
राहुल के चचेरे भाई वरूण ने सुल्तानपुर में मंगलवार को एक रैली की और कहा कि यह धरती मेरी मां है। वरूण ने कहा कि मेरे पापा संजय गांधी ने अपनी सियासी पारी यहीं से शुरू की थी इसलिए मेरे लिए यह जगह पूज्यनीय है।
पहले मैं अपनी मां की गोद में बैठकर यहां आया करता था लेकिन आज मैं खुद आया हूं। वरूण ने कहा कि बीजेपी अगर मुझे लोकसभा का टिकट देती हैं तो मैं यहीं से चुनाव लड़ना पसंद करूंगा।
वरुण ने कहा कि ईमानदार पार्टी और ईमानदार नेता ही उप्र और देश की तस्वीर बदल सकता है। वरुण ने कहा, "उप्र में मायावती और मुलायम के शासनकाल में सुव्यवस्थित तरीके से भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलता रहा है। हम लोग एक या दो लाख करोड़ रुपये के घोटाले का जिक्र करते हैं लेकिन ध्यान देने लायक बात यह है कि यह महज आंकड़े नहीं हैं।"
उन्होंने कहा कि इन पैसों से लाखों स्कूल खोले जा सकते थे और लाखों नौजवानों को रोजगार मुहैया कराया जा सकता था।
आपको बता दें कि वरुण गांधी को हाल में राजनाथ की नई टीम में राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया था, इसके बाद से ही ऐसे कयास लगाए जा रहे थे कि भाजपा उप्र में वरुण को एक मजबूत हथियार के तौर पर इस्तेमाल करने का रोडमैप तैयार कर चुकी है।
इस बीच अटकलें यह भी हैं कि वरुण गांधी को पार्टी इस बार सुल्तानपुर संसदीय सीट से चुनाव लड़ाने का मन बना चुकी है। फिलहाल अभी किसी भी तरह की अधिकारिक घोषणा नहीं की गयी है।













Click it and Unblock the Notifications