श्रीनगर-कटरा वंदे भारत आज से शुरू, सिर्फ बनिहाल पर रुकेगी ट्रेन, 3 घंटे में वैष्णो देवी पहुंचिए
जम्मू-कश्मीर में यात्रा और कनेक्टिविटी को एक नई रफ्तार मिली है। शनिवार से श्रीनगर और माता वैष्णो देवी कटरा के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस की नियमित सेवाएं शुरू हो गई हैं। इससे श्रद्धालुओं को जहां बड़ी सहूलियत मिलेगी, वहीं घूमने आने वालों के लिए भी सफर अब और आरामदायक और तेज हो गया है।
अब 6-7 घंटे नहीं, सिर्फ 3 घंटे में कटेगा सफर
श्रीनगर से कटरा तक का सफर अब सिर्फ 3 घंटे में पूरा होगा, जो सड़क मार्ग से अब तक 6 से 7 घंटे में तय होता था। यह नई ट्रेन सेवा न सिर्फ समय बचाएगी, बल्कि कठिन मौसम में भी सफर को आसान बनाएगी।

कौन-कौन सी ट्रेनें चलेंगी?
दो जोड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें इस रूट पर चलेंगी:
- ट्रेन संख्या 26404/26403 और 26401/26402
- ये ट्रेनें श्रीनगर-कटरा-श्रीनगर रूट पर चलेंगी। ये रास्ते में बनिहाल स्टेशन पर रुकेंगी।
- सेवाएं हर हफ्ते- छह दिन उपलब्ध होंगी।
कटरा-श्रीनगर वंदे भारत: किराया कितना होगा?
जो यात्री इस ट्रेन में यात्रा करना चाहते हैं उन्हें चेयर कार (Chair Car) के लिए ₹715 और एक्जीक्यूटिव क्लास (Executive Class) के लिए ₹1,320 देने होंगे।
टाइम और शेड्यूल: एक दिन में चार ट्रिप
नॉर्दर्न रेलवे के मुताबिक, इस रूट पर वंदे भारत ट्रेनें रोज चार बार चलेंगी (दो बार एक तरफ, दो बार वापसी)।
ट्रेन नंबर 26401:
- कटरा से चलने का समय: सुबह 8:10 बजे
- श्रीनगर पहुंचने का समय: 11:08 बजे
- श्रीनगर से वापसी: दोपहर 2:00 बजे
- कटरा वापसी: 4:58 बजे
- मंगलवार के दिन ट्रेन नहीं चलेगी।
ट्रेन नंबर 26403:
- कटरा से चलने का समय: दोपहर 2:55 बजे
- श्रीनगर पहुंचने का समय: 5:53 बजे
- श्रीनगर से वापसी: अगली सुबह 8:00 बजे
- यह ट्रेन बुधवार को नहीं चलेगी।
फिलहाल सिर्फ एक स्टॉपेज
इस वंदे भारत ट्रेन का फिलहाल एकमात्र स्टॉप बनिहाल (Banihal) में है। आने वाले दिनों में और स्टॉपेज जोड़े जा सकते हैं।
ठंड से लड़ने वाली हाई-टेक ट्रेन
इन ट्रेनों को खासतौर पर कश्मीर की सर्दी को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है।
- एडवांस हीटिंग सिस्टम
- थर्मल इंसुलेटेड बाथरूम
- विंडशील्ड हीटर
- डिफ्रॉस्टिंग तकनीक से बेहतर विजिबिलिटी
पीएम मोदी ने दिखाई हरी झंडी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को इन ट्रेनों की पहली यात्रा को हरी झंडी दिखाई। ये शुरुआत 272 किलोमीटर लंबे उधमपुर-श्रीनगर-बारामुला रेल लिंक प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद हुई है, जिसमें दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे आर्च ब्रिज - चेनाब ब्रिज- भी शामिल है।
पहले क्या था? अब क्या हुआ?
अब तक बनिहाल-बारामुला (कश्मीर में) और जम्मू-उधमपुर-कटरा (जम्मू में) तक ही रेल सेवाएं थीं। अब दोनों हिस्से सीधे जुड़ गए हैं, जिससे धार्मिक यात्रा, पर्यटन और स्थानीय लोगों की आवाजाही में जबरदस्त सुधार होगा।
बढ़ेगा स्थानीय कारोबार
यह सेवा ना सिर्फ वैष्णो देवी जाने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए वरदान साबित होगी, बल्कि पर्यटन, स्थानीय कारोबार और कनेक्टिविटी के लिहाज से भी यह एक ऐतिहासिक शुरुआत है।
लोको-पायलट ने क्या कहा?
कटरा-स्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस के सीनियर लोको-पायलट मनोज यादव ने इस पल को 'ऐतिहासिक' बताते हुए कहा कि, 'ये हमारे लिए गर्व का पल है। हम इस दिन का लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। हमें उम्मीद थी कि जैसे ही ट्रेन शुरू होगी, ये पूरी तरह बुक रहेगी- और वैसा ही हुआ। हर चीज बहुत अच्छी है। हमें ट्रैक के हिसाब से स्थिति का आकलन करते हुए ट्रेन चलानी होती है।'












Click it and Unblock the Notifications