प्यार की ऐसी कहानी, जो रूह कंपा दे! जब गर्लफ्रेंड के लिए पाकिस्तान पहुंच गया था लड़का, 6 साल जेल में रहा बंद
Valentine's day love story: वेलेंटाइन वीक चल रहा है...हर तरफ लोग प्यार की बात कर रहे हैं। भारत में पिछले साल सरहद पार वाली प्रेम कहानी खूब चर्चाओं में रही। चाहे फिर वो पाकिस्तान से आई सीमा हैदर की बात हो या भारत की अंजू का प्यार की तलाश में पाकिस्तान जाना हो...।
ऐसे में वेलेंटाइन वीक में हमने सोचा आपको ऐसी ही रियल लाइफ सरहद पार वाली प्रेम कहानी के बारे में बताया जाए। आज हम आपको एक ऐसे भारतीय इंजीनियर की लव स्टोरी के बारे में बताने जा रहे हैं, जो प्रेमिका के लिए अवैध तरीके से पाकिस्तान पहुंचे गए थे।

fb पर हुआ था इंजीनियर को पाकिस्तानी लड़की से प्यार!
मुंबई के रहने वाले इंजीनियर हामिद अंसारी को फेसबुक पर पाकिस्तानी लड़की से प्यार हुआ था। दोनों के बीत बातचीत होने लगी और प्यार परवान चढ़ा। इसके बाद हामिद अंसारी ने पाकिस्तान जाकर लड़की से मिलने का फैसला किया। वो लड़की पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर एक गांव में रहती थी।
जिसके बाद काबुल से नौकरी का ऑफर आने की बात बताकर हामिद नवंबर 2012 में मुंबई से अफगानिस्तान गया था। जिसके बाद वहां फर्जी पहचान पत्र दिखाकर पाकिस्तान पहुंचा था। जहां वह एक लॉज में रुका, जिसका इंतजाम उसकी गर्लफ्रेंड ने ही किया था।
जब 6 साल पाकिस्तान जेल में रहा हामिद अंसारी
12 नवंबर 2012 को भारतीय जासूस होने के आरोप में हामिद अंसारी को इसी लॉज से गिरफ्तार किया गया था। पाकिस्तानी एजेंसी के मुताबिक जांच में पता चला कि फर्जी पहचान पत्र उसे पाकिस्तानी गर्लफ्रेंड ने ही भेजी थी।
इसके बाद पाकिस्तान मिलिट्री कोर्ट ने हामिद अंसारी को फर्जी पाकिस्तानी पहचान-पत्र रखने के आरोप में दोषी करार दिया था। हामिद को 15 दिसंबर 2015 को तीन साल की कैद की सजा सुनाई गई थी।
तीन साल की सजा पूरी होने के बाद भी हामिद अंसारी को जेल से रिहा नहीं किया था। हामिद पाकिस्तान के जेल में छह साल यानी 2018 तक रहा। इस दौरान जेल में उस पर चार बार हमले भी हुए थे।
हामिद के मुताबिक, पाकिस्तान में उसे कोहट में पुलिस ने गिरफ्तार किया था। जब गर्लफ्रेंड ने हामिद के साथ रिलेशनशिप की बात मान ली तो उन्हें पेशावर शिफ्ट कर दिया गया था। सजा सुनाए जाने के बाद हामिद को पेशावर में एक अंडरग्राउंड सेल में अकेले रखा गया था। इतने सालों तक जेल में रहना हामिद के लिए रूह कंपा देने जैसा था।
15 दिसंबर 2018 को सुषमा स्वराज की मदद से भारत आया हामिद
हामिद अंसारी 15 दिसंबर 2018 को तत्कालीन विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की मदद से पाकिस्तान की जेल से रिहा होकर भारत आया था। साल 2016 में हामिद के पिता ने ट्वीट और पत्र के जरिए पूरी कहानी सुषमा स्वराज को बताई थी और मदद की गुहार लगाई थी। इसके बाद स्वराज ने इंडियन हाईकमिश्नर को उसकी मदद के आदेश दिए थे। जिसके बाद हामिद अंसारी भारत आए थे।
फिलहाल हामिद अंसारी मुंबई में अपने परिवार के साथ रहते हैं। हालांकि अभी भी उनको पुरानी कड़वी यादें सताती है। हामिद अंसारी की कहानी बहुत हद तक अभिनेता शाहरुख खान की हिंदी फिल्म वीर-जारा की तरह है।












Click it and Unblock the Notifications