हरिद्वार समाचार: लोकसभा चुनाव पर छात्राओं की बात, मन पर मोदी की छाप, युवा सांसद की मांग
Lok Sabha seat ground report: हरिद्वार लोकसभा सीट पर युवाओं के मन में क्या है। ये जानने के लिए वन इंडिया की टीम पहुंची हरिद्वार के एसएमजेएन पीजी कॉलेज में। पढ़ाई करने वाले छात्रों में करियर और रोजगार को लेकर चिंता है। छात्रों ने रोजगार और पॉलिसी को लेकर नाराजगी जताई लेकिन ये भी माना कि मोदी से बेहतर कोई नहीं।

हालांकि युवा इस बार परिवर्तन की बात भी कर रहे हैं, यानि स्थानीय सांसद के लिए चिंता की बात है। मोदी के बारे में पूछा तो ज्यादातर का मानना है कि मोदी का कोई विकल्प नहीं। एक छात्रा ने योगी जबकि एक ने राहुल गांधी को भी विकल्प माना। छात्रों से हुई बातचीत का निष्कर्ष देखें तो छात्रों के बीच भी मोदी की छाप है। सभी मानते हैं कि महंगाई बहुत है, रोजगार के अवसर की बात, शिक्षा आदि कई समस्याओं को लेकर सरकार से नाराजगी भी जताई।
विपक्ष की भूमिका पर मोदी की छाप भारी पड़ती नजर आई। अधिकतर छात्रों ने परिवर्तन की बात की। जो कि एक सुर में कहती हैं कि युवा सांसद को मौका मिलना चाहिए। बता दंें कि हरिद्वार के वर्तमान सांसद भाजपा के डॉ रमेश पोखरियाल निशंक हैं। जिनकी कार्यप्रणाली से इस बार युवा और छात्र प्रभावित नजर नहीं आए हैं। ऐसे में बीजेपी के निशंक के मुकाबले दूसरे दावेदारों के लिए अच्छी खबर है, जबकि निशंक के लिए बड़ी चुनौती नजर आई है। बता दें कि वन इंडिया ने जिन छात्रों से बातचीत की, उनमें छात्राएं ज्यादा मुखर दिखीं।
बीए थर्ड इयर पॉलिटिकल साइंस की छात्रा रिया कश्यप से विकास और चुनाव को लेकर सवाल पूछा। रिना का कहना है कि इस बार वे बदलाव चाहती हैं। इस सरकार में रोजगार नहीं मिल रहा है। युवा वर्ग नाराज है, और युवाओं को राजनीति में आना चाहिए, साथ ही पढ़े लिखे लोगों को ही जनप्रतिनिधि चुनना चाहिए।
रिना मानती हैं कि मोदी देश को आज एक नए पायदान पर लेकर गए हैं। लेकिन जिस तरह से देश में डिक्टेटरशिप चल रही है और हर चीज का निजीकरण हो रहा है। वह सही नहीं है। ऐसे में एक बार दूसरे लोगों को भी मौका मिलना चाहिए। वह मानती हैं कि विपक्ष कमजोर है, उसे स्ट्रांग होना चाहिए।
नविशा अग्रवाल एमए पॉलिटिकल साइंस की छात्रा हैं जो कि मनसा देवी रोड पर रहती हैं। नविशा पीएम मोदी की तारीफ करते हुए कहती हैं कि विश्व में मोदी जी ने भारत की छवि को बेहतर किया है। साथ ही देश की इकॉनोमी पहले से बहुत आगे बढ़ रही है। वे कहती हैं कि ये अलग बात है कि इन सब चीजों से आम आदमी को ज्यादा फर्क नहीं पड़ और मंहगाई बढ़ती जा रही है। महिलाओं के आरक्षण देने के सवाल के जबाव में वे कहती हैं कि आगे बढ़ाने के लिए आरक्षण देना सही है।
वे कहती हैं कि देश में इस समय मोदी का विकल्प नहीं है। राम मंदिर को लेकर वे कहती हैं कि इससे पर्यटन और तीर्थाटन को बढ़ावा मिलेगा। इसको दूसरे तरीके से सोचना चाहिए। एम ए पॉलिटिकल साइंस की एक अन्य छात्रा किरन कॉलेज के साथ सिविल सर्विसेज में जाने के लिए तैयारी कर रही हैं। वह ग्रामीण क्षेत्र में रहती हैं। कहती हैं कि मोदी सरकार में काम कम दिखावा ज्यादा हो रहा है। साथ ही कहा कि सरकार विपक्ष को दबा रही है, जिसे तानाशाही के रूप में माना जा सकता है। वे कहती हैं कि इस बार प्रत्याशी की तटस्था को देखकर वोट करेंगी।
किरन भी इस बार हरिद्वार में युवा चेहरे की पक्षधर हैं। कनखल क्षेत्र की एक अन्य छात्रा मिथिलेश पटेल मूल रूप से यूपी से आती हैं, कहती हैं कि जितना काम यूपी में दिखता है, उतना उत्तराखंड में नजर नहीं आता। हालांकि वे भी मोदी के काम की तारीफ करती हैं और कहती हैं कि जितना काम दूसरे राज्यों में हो रहा है, उतना यहां नहीं हुआ। खासकर शिक्षा के क्षेत्र में सरकार ने कुछ नहीं किया।
मोदी की विदेश नीति और टैक्नोलॉजी पर किए गए कामों से वे काफी खुश नजर आई। मानती हैं कि आज भारत की छवि विश्व में सुधरी हैं। लेकिन स्थानीय सांसद और सरकार से थोड़ा निराश हैं।
मिथिलेश का मानना है कि विपक्ष का होना बहुत जरूरी है। हरिद्वार के बीएचईएल के रहने वाले मोहन श्याम वशिष्ठ राजनीति शास्त्र के छात्र हैं। वर्तमान सरकार की युवाओं को लेकर पॉलिसी से नाराज हैं। मोहन का कहना है कि युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है। हर जगह निजीकरण हो रहा है। युवा क्या करें। वे कहते हैं कि इस बार हरिद्वार से युवा चेहरे को मौका मिलना चाहिए। मोहन हरिद्वार लोकसभा सीट पर बदलाव की सोच रखते हैं।












Click it and Unblock the Notifications