शरीर में महसूस हो रही हैं ये दिक्कतें तो ज्यादा फोन चलाना हो सकता है वजह, जानिए कोई लक्षण तो नहीं दिख रहा
नई दिल्ली, 17 नवंबर: मोबाइल फोन बीते कुछ सालों में एक ऐसी जरूरत बन गई है कि लोग हर वक्त फोन को साथ रखते हैं। फोन के एक हद तक इस्तेमाल करने की बात तो ठीक है लेकिन कुछ लोग टॉयलेट तक में फोन लेकर जाते हैं तो खाना खाते हुए भी एक हाथ फोन की स्क्रीन पर होता है। फोन को हाथ में लिए हुए ही सो जाना और उठते ही फोन ढूंढ़ना दुनिया की एक बड़ी आबादी की आदत बन चुकी है। अगर आप भी ऐसा कर रहे हैं तो स्वास्थ्य संबंधी कई परेशानियां आपको घेर सकती हैं और हो सकता है कि हो चुकी हों लेकिन आपका ध्यान ना गया हो।

देर तक फोन के इस्तेमाल की आदत से परेशानी
मोबाइल फोन के इस्तेमाल से नुकसान को लेकर कई शोध हो चुके हैं। हाल ही में एक शोध आया है जो कहता है कि ज्यादा फोन चलाने से अटेंशन डेफिसिट हाइपरएक्टिविटी डिसॉर्डर (एडीएचडी) के लक्षण उत्पन्न हो सकते हैं। जामा पत्रिका में ये शोध प्रकाशित हुआ है। एडीएचडी के लक्षण लगभग 10 प्रतिशत अधिक होने का जोखिम दिखाई देता है। एडीएचडी के आम लक्षणों में- छोटी सी बात पर गुस्सा, ध्यान एक जगह ना लगना और शांत होकर बैठने में कठिनाई जैसी चीजें होती हैं। जो धीरे- धीरे बढ़ जाती हैं।

गर्दन में दर्द की समस्याएं
कई मेडिकल एक्सपर्ट ने पाया है कि ज्यादा फोन का इस्तेमाल करने वालों में गर्दन से जुड़ूी परेशानियां पैदा हो जाती हैं। खासतौर से सर्वाइकल पेन की समस्या आती है। फोन में देखने के लिए गर्दन के लगातार नीचे की ओर झुके रहने के चलते दर्द की समस्या होती है। आप भी अगर गर्दन या कमर में दर्द महसूस करते हैं तो संभल जाएं। इसके अलावा आंखों की परेशानी भी फोन से बढ़ रही है। फोन की स्क्रीन देखने से आंखों से जुड़ी परेशानियां बढ़ रही हैं।

रेडिएशन भी बड़ा खतरा
डब्ल्यूएचओ की बीते साल आई एक रिपोर्ट के अनुसार मोबाइल रेडिएशन की वजह से कैंसर का खतरा भी बढ़ रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक मानव शरीर के लिए 0.60 वाट/किलोग्राम से ज्यादा रेडिएशन खतरनाक होता है लेकिन हम जो स्मार्टफोन इस्तेमाल कर रहे हैं उनसे निकल रहा रेडिएशन इसका दोगुना या इससे भी ज्यादा है। वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन का शोध कहता है कि मोबाइल फोन का अत्यधिक इस्तेमाल मस्तिष्क के कैंसर के लिए जिम्मेदार होता है। इसके विकिरणों के प्रभाव के चलते ब्रेन में ट्यूमर हो सकता है। खासतौर से रात को फोन बराबर में रखकर सोना एकदम गलत है।

खाने खाते वक्त फोन चलाना क्यों गलत
ऐसे लोग भी आजकल खूब दिखते हैं जो एक साथ से निवाला ले रहे होते हैं और दूसरा हाथ मोबाइल पर होता है। मोबाइल के साथ खाने की आदत आपको कई समस्याओं का शिकार बना सकती है। जिसमें मोटापा जैसी समस्या आम है। वहीं पेट संबंधी बीमारियां भी हो सकती हैं।












Click it and Unblock the Notifications