PNB Scam: नीरव मोदी अमेरिका में है? ये अमेरिका को भी नहीं पता
नई दिल्ली। पीएनबी घोटाले के आरोपी नीरव मोदी के बीते कई दिनों से अमेरिका में होने की खबर है। अभी हाल ही में नीरव मोदी की कंपनी ने न्यूयॉर्क की एक अदालत में खुद को दिवालिया घोषित होने की अर्जी भी दाखिल की थी। लेकिन गुरुवार को अमेरिकी विदेश विभाग ने नीरव मोदी अमेरिकी में है या नहीं, इसे लेकर हम कुछ भी पक्के तौर से नहीं कह सकते।

विदेश विभाग के प्रवक्ता ने दिया बयान
अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता ने गुरुवार को कहा कि हमें भी हाल ही में मीडिया रिपोर्ट्स के जरिए ये जानकारी मिली है नीरव मोदी अमेरिका में है हालांकि अभी हम इस जानकारी की पुष्टि करने में असमर्थ हैं। बता दें कि नीरव मोदी पर पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) में 1.77 बिलियन डॉलर (करीब 11,500 करोड़) के फ्रॉड करने के आरोप हैं। ये घोटाला बैंक की मुंबई स्थित एक ब्रान्च में हुआ है। पीएनबी ने बाद में फ्रॉड की रकम 11,500 करोड़ से बढ़कर 12,717 करोड़ रुपए हो जाने की बात कही है।

1217 करोड़ की संपत्ति जब्त
सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने इस मामले में एफआईआर दर्ज की है। पीएनबी घोटाले में ईडी ने मेहुल चोकसी की 41 अचल संपत्तियों को जब्त किया है। इन संपत्तियों की कीमत करीब 1217 करोड़ रुपए बताई जा रही है। जब्त की गई संपत्तियों में मुंबई स्थित 15 फ्लैट और 17 ऑफिस, कोलकाता स्थित शॉपिंग मॉल और अलीबाग में चार एकड़ जमीन पर बना फार्महाउस शामिल हैं।

नीरव मोदी ने सीबीआई को मदद देने से किया इंकार
एक दिन पहले सीबीआई के अधिकारियों ने बताया है कि नीरव मोदी से ईमेल के जरिए संपर्क किया गया था और जांच में सहयोग करने को कहा था। नीरव मोदी ने सीबीआई को साफ तौर पर कह दिया कि वो कोई मदद नहीं कर सकता है। उसने कहा कि उसके विदेश बहुत से बिजनेस हैं और उन्हें इस पर ध्यान देना है इसलिए वो जांच एजेंसी की कोई मदद नहीं कर सकते।












Click it and Unblock the Notifications