अमेरिका चुनाव के नतीजों को लेकर गहलोत ने कसा मोदी पर तंज, कहा- राहुल गांधी की दी हुई सलाह सही साबित हुई
जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अमेरिका के राष्ट्रपति पद के चुनाव में जो बाइडेन को मिली बंपर जीत को लेकर पीएम मोदी पर तंज कसा है। अशोक गहलोत ने कहा है कि अमेरिका के चुनाव के नतीजों से एक बात तो साबित होती है कि पीएम मोदी के लिए राहुल गांधी की सलाह सही थी। दरअसल यह तंज पीएम मोदी और ट्रंप के बीच के रिश्ते को लेकर कसा गया है।

अशोक गहलोत ने दावा किया है कि अमेरिकी चुनाव नतीजों ने साबित कर दिया कि पूर्व राष्ट्रीय कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अपनी सलाह में सही थे कि पीएम मोदी को अमेरिका की घरेलू राजनीति में शामिल होने से बचना चाहिए था। अशोक गहलोत ने ट्वीट किया, 'राहुल गांधी ने विदेश मंत्री एस जयशंकर को सलाह दी थी कि पीएम मोदी को अमेरिका की घरेलू राजनीति में शामिल होने से बचना चाहिए था। अमेरिकी चुनावों के नतीजों से यह सही साबित हुआ।'
आपको बता दें कि पीएम मोदी के आमंत्रण पर डोनाल्ड ट्रंप भारत आए। गुजरात में उनका भब्य स्वागत किया गया। उस कार्यक्रम का नाम नमस्ते ट्रंप रखा गया। वहीं पीएम मोदी जब अमेरिका पहुंचे थे तो उनके लिए 'हाउडी मोदी' इवेंट रखा गया था। मोदी के अमेरिका के कार्यक्रम को लेकर यह कहा गया कि अमेरिका में रहने वाले प्रवासी भारतीयों के बीच ट्रंप की लोकप्रियता बढ़ाने के मकसद से यह इवेंट आयोजित किया गया था।












Click it and Unblock the Notifications