अमेरिका ने भारत के साथ होने वाले 2+2 डायलॉग को 'अपरिहार्य' कारणों से टाला
अमेरिका ने बुधवार को भारत को जानकारी दी है कि उसने 2+2 डायलॉग को कैंसिल कर दिया है। अगले हफ्ते होने वाले इस डायलॉग को अमेरिका ने 'अपरिहार्य' कारणों से स्थगित किया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार की ओर से बुधवार को ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी गई।
नई दिल्ली। अमेरिका ने बुधवार को भारत को जानकारी दी है कि उसने 2+2 डायलॉग को कैंसिल कर दिया है। अगले हफ्ते होने वाले इस डायलॉग को अमेरिका ने 'अपरिहार्य' कारणों से स्थगित किया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार की ओर से बुधवार को ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी गई। इस डायलॉग के लिए विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण वॉशिंगटन जाने वाली थीं। यहां पर दोनों मंत्री छह जुलाई को अपने अमेरिकी समकक्ष माइक पोंपेयो और जिम मटीस के साथ कई अहम मुद्दों पर चर्चा करने वाली थीं।

पिछले वर्ष बनी थी डायलॉग पर रजामंदी
रवीश कुमार ने एक और ट्वीट किया और उन्होंने बताया कि अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोंपेयो ने सुषमा स्वराज से बात की है और दोनों नेता अब इस डायलॉग के लिए नई तारीखों पर सहमत हुए हैं। जल्दी से जल्दी इस नई तारीख के बारे में बताया जाएगा। दोनों देशों के बीच इस नए तरह के डायलॉग पर उस समय रजामंदी बनी थी जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पिछले वर्ष अमेरिका गए थे। जून 2017 में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निमंत्रण पर पीएम मोदी ने व्हाइट हाउस का दौरा किया और दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई। इसी दौरान दोनों देश बातचीत के इस नए फॉर्मेट के लिए राजी हुए थे।
पहले भी हुआ है स्थगित
पिछले वर्ष जून के बाद दोनों देशों की ओर से इस डायलॉग के लिए कई तारीखों पर विचार-विमर्श हुआ और अंत में छह जुलाई की तारीख पर सहमति बनी। इससे पहले इस वर्ष की शुरुआत में भी इस डायलॉग को कैंसिल किया गया था। उस समय अमेरिका के विदेश मंत्री माइक पोंपेयो के नाम पर अनिश्चितता के चलते यह डायलॉग कैंसिल हुआ था। अप्रैल में पोंपेयो के नाम पर मोहर लगी है। इस डायलॉग को दोनों देशों के रणनीतिक रिश्तों के बीच एक नया कदम माना गया था। माना जा रहा था कि जब सुषमा और निर्मला सीतारमण वॉशिंगटन जाएंगी तो वह रणनीतिक, सुरक्षा और रक्षा सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा करेंगी।












Click it and Unblock the Notifications