अमेरिकी अखबार ने सुषमा स्वराज को कहा 'सुपर मॉम'
नई दिल्ली। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने न केवल भारत बल्कि विदेशों में भी तारीफें बटोरी हैं। यह तारीफ सोशल मीडिया पर उनके एक्टिव रहने के लिए की जाती है। सोशल मीडिया पर सबसे अधिक एक्टिव रहने वाली सुषमा स्वराज पहली विदेश मंत्री हैं। आपको बता दें कि ट्विटर पर सुषमा स्वराज को 56.3 लाख लोग फॉलो करते हैं।

सुषमा स्वराज विदेश में रह रहे भारतीयों की समस्याओं पर तुरंत एक्शन लेती हैं और ट्ववीट भी करती हैं। ट्विटर के जरिए ही सुषमा स्वराज लोगों की पासपोर्ट बनवाने में मदद करती हैं तो कभी सुषमा लोगों की वीजा की समस्या का समाधान करती हैं। इनता ही नहीं वह सोशल मीडिया के जरिए ही एक व्यक्ति को उसके हनीमून पर उसकी पत्नी से भी मिलवाती हैं।
सुषमा स्वराज के इस अंदाज पर अमेरिका के एक न्यूजपेपर वाशिंगटन पोस्ट ने उन्हें सुपर मॉम की उपाधि दे दी है। वाशिंगटन पोस्ट ने सुषमा स्वराज द्वारा ट्विटर के जरिए लोगों की मदद करने के अंदाज पर एक आर्टिकल भी लिखा है, जिसका शीर्षक दिया गया है- भारत की विदेश मंत्री देश की सुपर मॉम का किरदार निभा रही हैं।
इस आर्टिकल में सुषमा स्वराज द्वारा विदेशों में रह रहे लोगों की मदद के लिए किए गए प्रयासों को बताया गया है। आर्टिकल में लिखा है कि 64 साल की सुषमा स्वराज ने दो वर्ष पहले जब से विदेश मंत्री का पदभार संभाला है तभी से वह देश की सुपर मॉम का रोल निभा रही हैं।
सुषमा स्वराज ट्विटर के जरिए ही विदेशों में रह रहे भारतीयों की समस्या का समाधान कर देती हैं। हाल ही में सुषमा स्वराज काबुल में भारतीय चैरिटी वर्कर जुडिथ डीसूजा को अहरणकर्ताओं द्वारा छोड़े जाने का बाद भारत आने पर उनसे मिली थी। मां का प्यार दिखाती यह तस्वीर भी उन्हें सुपर मॉम का दर्जा ही देती है।
पिछले महीने ही जब सऊदी अरब के एक व्यक्ति ने कुछ वर्कर्स की एक तस्वीर ट्विटर के जरिए सुषमा स्वराज को भेजी थी, जिसमें दिखाया गया था कि वे लोग बेघर थे और भूख से तड़प रहे थे। सुषमा स्वराज ने इस ट्वीट पर तुंरत एक्शन लिया और ट्वीट के जरिए ही जवाब दिया। इसके तुंरत बाद ही भारतीय वाणिज्य दूतावास ने दोहा के उन वर्कर्स की एक तस्वीर ट्वीट की, जिसमें उन्हें खाने की चीजें मुहैया कराते हुए दिखाया गया था।
सुषमा स्वराज हर उस व्यक्ति की मदद करती हैं जो उनसे मदद मांगता है। हाल ही में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की तस्वीर के साथ अपनी एक फोटो ट्वीट की थी और लिखा था कि मैं अपनी पत्नी के साथ ऐसे यात्रा कर रहा हूं, क्योंकि उसका पासपोर्ट टूर से दो दिन पहले ही खो गया। सुषमा स्वराज ने इसके तुरंत बाद ट्ववीट किया और लिखा कि अपनी पत्नी से कहो मुझसे संपर्क करे, मैं ये सुनिश्चित करूंगी कि वह तुम्हारे साथ वाली सीट पर हो। इसके कुछ ही समय बाद सुषमा स्वराज के ऑफिस की तरफ से उस शख्स की पत्नी के लिए पासपोस्ट की व्यवस्था कर दी गई।
वाशिंगटन पोस्ट ने लिखा कि भले ही विदेश मंत्रालय के किसी मसले पर अपनी राय रखनी हो या फिर प्यार करने वालों को मिलाना हो, हमारी सुपर मॉम सब कुछ कर सकती हैं। वाशिंगटन पोस्ट आगे लिखता है- लेकिन हमारी सुपर मॉम कुछ काम नहीं कर सकती हैं, जैसे फ्रिज ठीक नहीं करा सकती हैं। आपको बता दें कि एक व्यक्ति ने खराब फ्रिज के लिए सुषमा स्वराज से शिकायत की थी, लेकिन उन्होंने लिखा था कि वह उस शख्स की कोई मदद नहीं कर सकती हैं क्योंकि अभी वह परेशान लोगों को मदद में व्यस्त हैं।












Click it and Unblock the Notifications