शहीद जवान की पत्नी बोली- मोदीजी! हाफिज को PAK में घुसकर मारो
नई दिल्ली। उरी आतंकी हमले में शहीद हुए हवलदार अशोक कुमार सिंह की पत्नी संगीता देवी ने गुरुवार को कहा कि भारतीय सैनिक पाकिस्तान में घुसकर आतंकी संगठन के प्रमुख हाफिज सईद को ठीक वैसे ही मारें, जैसे अमेरिकी सैनिकों ने ओसामा बिन लादेन को मारा था।

भारतीय सेना की ओर से की गई सर्जिकल स्ट्राइक पर खुशी जताते हुए उन्होंने कहा, 'भारतीय सेना की जवाबी कार्रवाई से मुझे संतुष्टि और आनंद हुआ है। मैं और मेरा परिवार देश के लिए अभी और शहादत देने को तैयार है।'
PM नरेंद्र मोदी को दिया धन्यवाद
संगीता देवी का बेटा और भतीजा भी सेना में है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार को आतंकियों और उनके आकाओं पर बमबारी करने में जरा भी नहीं हिचकना चाहिए, ताकि फिर किसी सैनिक की पत्नी विधवा न हो। संगीता ने कहा, 'मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देती हूं कि उन्होंने ऐसा कदम उठाया और पाकिस्तान को जवाब दिया।'
शहीद की पत्नी ने जताया अफसोस
बिहार के ही गया में शहीद लांस नायक सुनील विद्यार्थी की पत्नी किरन देवी ने भी संगीता की बातों का समर्थन किया। उन्होंने कहा, 'मुझे मेरा पति वापस नहीं मिलने वाला लेकिन सर्जिकल स्ट्राइक ने हमें थोड़ी राहत की खबर जरूर दी है।' उन्होंने कहा कि पति के श्राद्ध के ठीक एक दिन पहले सर्जिकल स्ट्राइक का होना उनके लिए सुकून की बात है। हालांकि किरन ने इस बात पर अफसोस भी जताया कि ऐसे ऑपरेशन पहले क्यों नहीं हुए।
सेपॉय राकेश सिंह के परिवार ने कहा कि मोदी सरकार की ओर से ऐसे हमले तब तक किए जाने चाहिए जब तक 1000 आतंकी नहीं मारे जाते।












Click it and Unblock the Notifications