UPSC में टॉप करके भी इस वजह से सबसे ज्यादा परेशान रहते हैं IAS-IPS, मामला जान आप भी कहेंगे- ये तो बड़ी मुसीबत
UPSC News: संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) सिविल सेवा परीक्षा (सीएसई) को लेकर भारत के युवाओं समेत बड़े-बुजुर्गों सबको इसमें दिलचस्पी होती है। चाहे वो यूपीएससी की तैयारी हो, रिजल्ट हो या फिर सक्सेस स्टोरी हर कोई सिविल सेवा परीक्षा के बारे में जानना चाहता है।
लेकिन संघर्ष और सफलता के अलावा इसका एक और पहलू भी है जिसकी तरफ अमूमन किसी की नजर नहीं जाती और वो है परीक्षा पास करने के बाद एक अनचाही परेशानी का सामना करना। पिछले कुछ सालों में यूपीएससी में टॉप करने वाले लगभग सभी उम्मीदवारों को सोशल मीडिया की वजह से परेशानियों का सामना करना पड़ा है।

हम बात कर रहे हैं, यूपीएससी टॉपरों के नाम पर सोशल मीडिया पर बनाए जा रहे फर्जी खातों के बारे में। हाल में यूपीएससी 2023 की महिला टॉपर रैंक-3 हासिल करने वालीं डोनुरु अनन्या रेड्डी ने फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट से परेशान होकर साइबर क्राइम में शिकायत दर्ज कराई है।
तेलंगाना की रहने वाली डोनुरु अनन्या रेड्डी ने जानकारी दी है कि ना सिर्फ उनके नाम से फर्जी अकाउंट बनाए गए हैं बल्कि इंस्टाग्राम, एक्स (ट्विटर), फेसबुक और टेलीग्राम जैसे प्लेटफार्मों पर छात्रों के साथ ठगी भी की जा रही है। हालांकि ऐसा पहली बार नहीं है, जब किसी यूपीएससी टॉपर या IAS-IPS ने फेक सोशल मीडिया अकाउंट और धोखाधड़ी को लेकर शिकायत दर्ज कराई है।
इस लेख में हम आपको पिछले कुछ यूपीएससी सफल उम्मीदवारों के साथ सोशल मीडिया पर हुए फर्जीवाड़े के बारे में जानकारी देंगे। इस लिस्ट में 2023 के टॉपर आदित्य श्रीवास्तव से लेकर 2015 बैच की आईएएस टॉपर टीना डाबी तक का नाम शामिल है, जिनको फेक हैंडल की वजह से परेशानी का सामना करना पड़ा है।
ये फेक खाते आम तौर पर रिजल्ट की घोषणा के 24 घंटों के भीतर बनाए जाते हैं। ऐसा लगता है कि पिछले कुछ सालों में यह बात आम हो गई है।
2023 टॉपर AIR-1 आदित्य श्रीवास्तव के भी रातों-रात बने कई फेक अकाउंट
UPSC सिविल सेवा परीक्षा-2023 में लखनऊ के आदित्य श्रीवास्तव ने टॉप किया था। जैसे ही 17 अप्रैल 2024 को यूपीएसी 2023 का रिजल्ट जारी हुआ, उसके कुछ घंटों के भीतर ही सोशल मीडिया पर कई फर्जी अकाउंट बनें। टीओई की रिपोर्ट के मुताबिक एक्स यूजर्स @ShivamYadavjii ब्लू टिक हैंडल, जिसके 58.4k फॉलोअर्स थे, जो खुद को पत्रकार बताता है, उसने आदित्य श्रीवास्तव का फेक अकाउंट बनाने के लिए अपने बैकअप अकाउंट का इस्तेमाल किया।
हैरानी की बात ये है कि उनके बैकअप अकाउंट @Adityasrivstav का इस्तेमाल पिछले एक साल से एक युवा महिला द्वारा किया जा रहा था।
एक और एक्स हैंडल, जिसने 2022 में @Ankitagarwal_02 हैंडल के साथ 2021 बैच की यूपीएससी टॉपर अंकिता अग्रवाल का फेक अकाउंट बनाया था, उसने 17 अप्रैल को रिजल्ट आते ही @AdityaSri_1 के साथ 2023 AIR 1 के नाम से हैंडल बना लिया। इस हैंडल पर 10,000 से अधिक फॉलोअर्स और कई हजार लाइक्स थे। इसी तरह लगभग 2 दर्जन से ज्यादा फेक अकाउंट बनाए गए थे।

UPSC 2021 टॉपर श्रुति शर्मा भी फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट से थीं परेशान
2021 बैच की टॉपर, रैंक-1 हासिल करने वाली बिजनौर जिले के बस्ता की रहने वाली श्रुति शर्मा को भी फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट की वजह से परेशानियों का सामना करना पड़ा था।
रिजल्ट के जारी होने के बाद ही तुरंत श्रुति शर्मा सोशल मीडिया पर छा गईं थी और ट्विटर पर फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनने लगे थे।
उस वक्त कई यूजर्स ने खुद पोस्ट कर जानकारी दी थी कि कैसे इस साल की टॉपर श्रुति शर्मा के कई अकाउंट रातों-रात बनाए गए थे।
टॉपर श्रुती शर्मा ने साइबर सेल और सोशल मीडिया पर शिकायत भी दर्ज करवाई थी। यूपी पुलिस ने इस बाबत एक ट्वीट भी किया था।

UPSC 2020 टॉपर शुभम कुमार ने फर्जी अकाउंट पर जताई थी चिंता
UPSC-2020 के एग्जाम में ऑल इंडिया टॉपर बने बिहार के शुभम कुमार ने भी फर्जी अकाउंट को लेकर सार्वजनिक तौर पर चिंता जताई थी। शुभम कुमार ने 26 सितंबर 2021 को ट्वीट कर लिखा था, ''सभी को नमस्कार। मैं शुभम कुमार, AIR 1 CSE 2020 हूं। यह मेरा व्यक्तिगत अकाउंट है। मेरे नाम के अन्य सभी खाते फर्जी हैं।''
मीडिया से बातचीत में शुभम कुमार ने कहा था कि वह जिस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वो नहीं हैं उसपर भी उनके नाम के फेक अकाउंट बनाए जा रहे हैं। शुभम ने उस वक्त कहा था कि उनके अधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर जितने फॉलोअर्स हैं, उससे ज्यादा तो उनके फेक अकाउंट के फॉलोअर्स हैं।

IAS टीना डाबी के नाम से भी बने थे कई फर्जी अकाउंट, करनी पड़ी थी शिकायत
2015 बैच की IAS टॉपर टीना डाबी ने 2020 के अगस्त में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ उनके नाम पर 10 फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाने की शिकायत दर्ज कराई थी। टीना डाबी वर्तमान में राजस्थान में तैनात हैं।
आईएएस अधिकारी टीना डाबी ने उस वक्त कहा था कि आरोपी उनके नाम पर या उनकी तस्वीरों के साथ उनके जैसे ही नामों पर फेसबुक अकाउंट चला रहे हैं। फर्जी फेसबुक अकाउंट उनकी अधिकारिक हैंडल की तस्वीरें और केंटेंट भी शेयर करते रहते हैं।
गंगानगर पुलिस ने आईटी अधिनियम और आईपीसी की संबंधित धाराओं के तहत कोतवाली पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी दर्ज की थी।
टीना डाबी फेसबुक पर काफी एक्टिव रहती हैं और इंस्टाग्राम और ट्विटर जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी उनकी तगड़ी फैन फॉलोइंग है।

UPSC में 93 रैंक लाने वाली ऐश्वर्या श्योराण ने भी फर्जी खातों के लिए दर्ज कराई थी शिकायत
सिविल सेवा परीक्षा 2019 में 93वीं रैंक हासिल करने वाली पूर्व मिस इंडिया फाइनलिस्ट ऐश्वर्या श्योराण ने नवंबर 2021 में फर्जी इंस्टाग्राम प्रोफाइल बनाने के लिए अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाया था। ऐश्वर्या श्योराण ने शिकायत में कहा था कि उन्हें अपने नाम पर लगभग 16 फर्जी प्रोफाइल मिले हैं।
हालांकि ये तो कुछ ऐसे नाम हैं, जो पिछले कुछ सालों में चर्चाओं में आए हैं, लेकिन आमतौर पर महिला अफसरों के सोशल मीडिया पर कई फेक अकाउंट बनाए जाते हैं। इस खबर को लिखने का उद्देश्य युवा छात्र-छात्राओं को अगाह करना है कि, वो किसी भी फेक अकाउंट को फॉलो करने से बचें।












Click it and Unblock the Notifications