UP News: प्रदेश के इतिहास में सबसे ज्यादा बिजली आपूर्ति, पीक डिमांड सप्लाई में योगी सरकार देश में अव्वल
मई 2025 में, उत्तर प्रदेश ने 31,824 मेगावाट की रिकॉर्ड चरम बिजली आपूर्ति हासिल की, जो महाराष्ट्र से आगे निकल गई और शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग निरंतर बिजली की आपूर्ति की। यह उपलब्धि अत्यधिक गर्मी के दौरान भी घरों, खेतों और उद्योगों के लिए विश्वसनीय बिजली सुनिश्चित करने के एक केंद्रित प्रयास को दर्शाती है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने बिजली आपूर्ति के क्षेत्र में नया इतिहास रच दिया है। पीक डिमांड आपूर्ति के मामले में उत्तर प्रदेश ने महाराष्ट्र को पीछे छोड़ते हुए देश में पहला स्थान हासिल किया है। 24 मई को उत्तर प्रदेश ने 31,824 मेगावाट की रिकॉर्ड पीक डिमांड को पूरा किया, जबकि इसी अवधि में महाराष्ट्र ने 29,463 मेगावाट बिजली आपूर्ति की। यह अब तक न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि देश के किसी भी राज्य द्वारा की गई सर्वाधिक बिजली आपूर्ति मानी जा रही है। इससे पहले वर्ष 2025 में 11 जून को रात 12:45 बजे 31,486 मेगावाट की पीक डिमांड दर्ज की गई थी।

प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी के बावजूद योगी सरकार लगातार निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कर रही है। 24 मई की रात 10:29 बजे प्रदेश ने 31,824 मेगावाट की रिकॉर्ड पीक डिमांड को सफलतापूर्वक पूरा कर बड़ी उपलब्धि हासिल की। सरकार का उद्देश्य हर घर, हर गांव और हर शहर तक बिना बाधा के बिजली पहुंचाना है। इसी दिशा में तय रोस्टर से आगे बढ़कर व्यापक स्तर पर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
24 और 25 मई की रात तथा दिन के दौरान भी बिजली आपूर्ति का स्तर लगातार ऊंचा बना रहा। रात 1 बजे 29,933 मेगावाट और रात 3 बजे 30,569 मेगावाट बिजली आपूर्ति की गई। वहीं 25 मई को सुबह 5 बजे 29,573 मेगावाट और सुबह 10 बजे 27,392 मेगावाट बिजली उपलब्ध कराई गई। दोपहर 2 बजे भी 29,616 मेगावाट की मांग पूरी की गई।
यूपीपीसीएल के निदेशक वितरण ज्ञानेंद्र धर द्विवेदी ने बताया कि स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर की जानकारी के अनुसार रविवार को शहरी क्षेत्रों, तहसीलों, नगर पंचायतों, महानगरों, मंडल मुख्यालयों और औद्योगिक क्षेत्रों में 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की गई। बुंदेलखंड क्षेत्र में केवल 22 मिनट के लिए बिजली कटौती हुई।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी औसतन 22 से 22.5 घंटे बिजली आपूर्ति की गई, जबकि निर्धारित रोस्टर 18 घंटे का है। इससे किसानों, व्यापारियों, उद्योगों और आम लोगों को बड़ी राहत मिली है।
अपर मुख्य सचिव (ऊर्जा) एवं उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष डॉ. आशीष कुमार गोयल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के अनुसार प्रदेश में सभी को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने के लिए युद्धस्तर पर काम किया जा रहा है। सभी अधिकारी और कर्मचारी लगातार बिजली आपूर्ति व्यवस्था को बनाए रखने में जुटे हुए हैं।
ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब देश में सबसे अधिक बिजली उपलब्ध कराने वाला राज्य बन चुका है। उन्होंने कहा कि तकनीकी, प्राकृतिक या मानवजनित कारणों से कहीं-कहीं स्थानीय स्तर पर व्यवधान आ सकते हैं, लेकिन उन्हें दूर करने के लिए बिजली विभाग के अधिकारी और कर्मचारी दिन-रात पूरी निष्ठा से कार्य कर रहे हैं।
ऊर्जा मंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि भीषण गर्मी और कठिन परिस्थितियों में लगातार काम कर रहे विद्युतकर्मियों का मनोबल बढ़ाएं, ताकि वे जनता को बेहतर बिजली सुविधा उपलब्ध कराने में और अधिक उत्साह के साथ कार्य कर सकें।












Click it and Unblock the Notifications