Rahul Gandhi T Shirt: बृजेश पाठक बोले- हम जांच करा रहे हैं, कौन सा जीवाणु है, जिसकी वजह से ठंड नहीं लग रही
Rahul Gandhi T Shirt: राहुल गांधी की टी शर्ट पर यूपी के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि हम इस बाच की जांच करा रहे हैं कि राहुल गांधी के शरीर में कौन सा जीवाणु है जिसकी वजह से उन्हें ठंड नहीं लग रही है।

Rahul Gandhi T Shirt: राहुल गांधी की अगुवाई में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा दक्षिण भारत के कन्याकुमारी से होते हुए उत्तर प्रदेश पहुंच गई है। लेकिन जिस तरह से राहुल गांधी इतनी ठंड में भी सिर्फ एक टी शर्ट पहनकर भारत जोड़ो यात्रा कर रहे हैं उसको लेकर कौतूहल बना हुआ है। खुद राहुल गांधी से जब इस बारे में सवाल पूछा गया था तो उन्होंने कहा था कि जबतक चल रहा है चल रहा है, बाद में देखा जाएगा। लेकिन जिस तरह से यूपी में इस वक्त पारा इतना नीचे आ गया है और कड़ाके की सर्दी पड़ रही है उसके बाद भी राहुल टी शर्ट पहनकर भारत जोड़ो यात्रा कर रहे हैं। राहुल गांधी की टी शर्ट को लेकर उत्तर प्रदेस के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक से सवाल किया गया तो उन्होंने अलग ही अंदाज में इसको लेकर जवाब दिया।
बृजेश पाठक ने कहा इसपर तो रिसर्च हो रहा है, इतनी ठंड में जब तापमान 3 डिग्री सेल्सियस है, 4 डिग्री सेल्सियस है और कोई व्यक्ति टी शर्ट में घूम रहा है तो इतनी प्रतिरोधक क्षमता कहां से मिल रही है, इसपर रिसर्च हो रहा है। हमने अपने चिकित्सकों ,जो चिकित्सा में माहिर हैं उनसे पूछा है कि कौन सा ऐसा जीवाणु है जो शरीर में आ जाता है तो ठंड नहीं लगती है। बृजेश पाठक ने कहा कि अभी मुझे रिपोर्ट नहीं मिली है कि ऐसा कौन सा जीवाणु है, जैसे ही मुझे जानकारी दी जाएगी मैं आपको बता दूंगा।
राहुल गांधी की टी शर्ट को लेकर जब प्रियंका गांधी से सवाल किया तो उन्होंने कहा वह सच का कवच पहनकर चल रहे हैं, ईश्वर उन्हें सुरक्षित रखेंगे। बता दें कि भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत पिछले साल सितंबर माह में कन्याकुमारी से हुई थी। लेकिन इस यात्रा की शुरुआत से ही राहुल गांधी टी शर्ट पहनकर पैदल चल रहे हैं। राहुल गांधी ने कहा कि लोग मेरी टी शर्ट को लेकर चर्चा कर रहे हैं, लेकिन कोई आखिर सवाल क्यों नहीं करता है कि जो छोटे बच्चे इस यात्रा में फटे कपड़े पहनकर चल रहे हैं, ऐसा क्यों हो रहा है। कोई भी गरीबों को लेकर सवाल क्यों नहीं पूछता है। सवाल मेरी टी शर्ट को लेकर नहीं बल्कि गरीब किसानों की होनी चाहिए जिनके बदन पर फटी हुई शर्ट या जर्सी भी नहीं है।
उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का आरएलडी प्रमुख जयंत चौधरी ने भी स्वागत किया। जगह-जगह पर आरएलडी के समर्थकों ने गन्ना लहराकर राहुल गांधी का स्वागत किया वहीं कांग्रेस की ओर से ट्वीट करके लिखा गया, मेरे जुनून का नतीजा जरूर निकलेगा, इसी स्याह समंदर से नूर निकलेगा। मौसम सर्द है, हवाओं में ठंडक है लेकिन लोगों का उत्साह देखते ही बनता है। देश से डर और नफ़रत को मिटाने की इस लड़ाई में मानो पूरा उत्तर प्रदेश ही सड़कों पर उतर आया हो।












Click it and Unblock the Notifications