जम्मू कश्मीर में भाजपा के समर्थन वापसी पर बोले योगी आदित्यनाथ, फैसला देशहित में
नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर में भारतीय जनता पार्टी के सरकार से हटने को आदित्यनाथ ने देशहित में लिया फैसला बताया है। उत्तर प्रदेश के सीएम आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य की लोकल लीडरशिप, उपमुख्यमंत्री और मंत्रियों को विश्वास में लेने के बाद ये फैसला किया गया। आदित्यनाथ ने कहा कि ये निर्णय देश और राज्य के हित में लिया गया और आगे भी भाजपा वही फैसले करेगी जो देश के लिए फायदेमंद हों।

मंगलवार दोपहर भाजपा ने पीडीपी से समर्थन वापसी का एलान किया। जम्मू कश्मीर सरकार से भाजपा के हटने के बाद मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने पद से इस्तीफा दे दिया। जम्मू कश्मीर की सीएम ने अपना इस्तीफा राज्यपाल को भेज दिया है। जम्मू कश्मीर में भाजपा और पीडीपी बीते साढ़े तीन साल से साथ में सरकार में थे।
राज्यपाल को अपना इस्तीफा भेजने के बाद जम्मू कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने कहा कि भाजपा के साथ उन्होंने जम्मू कश्मीर को लोगों के मुश्किल से निकालने के लिए हाथ मिलाया था क्योंकि भाजपा बड़ी ताकत है। हमारे गठबंधन का एजेंडा कश्मीर में लोगों के साथ बातचीत और पाकिस्तान के साथ अच्छा रिश्ता रहे। उन्होंने कहा कि हमने धारा 370 को बचाया और सूबे के बच्चों से काफी मुकदमें भी हटवाए।
मंगलवार दोपहर को भाजपा के महासचिव राम माधव ने प्रेस कॉन्फ्रेस कर कहा कि भाजपा ने पीडीपी से समर्थन वापस ले लिया है और उसके सभी मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया है। माधव ने इसके पीछे महबूबा मुफ्ती को जिम्मेदार कहा है। उन्होंने कहा कि जिस मकसद से उन्होंने पीडीपी के साथ सरकार बनाई थी, उसमें कामयाबी ना मिलने पर सरकार से समर्थन वापस ले लिया गया।












Click it and Unblock the Notifications