पंजाब में 65 प्रतिशत मतदान, यूपी के तीसरे चरण में 60 फीसदी लोगों ने डाला वोट
नई दिल्ली, 20 फरवरी: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण की 59 सीटों और पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर रविवार को मतदान हुआ है। पंजाब में सभी सीटों पर कुल 65.3 फीसदी मतदान दर्ज हुआ है। वहीं उत्तर प्रदेश में तीसरी चरण की सीटों पर 60.1 प्रतिशत वोट पड़े हैं।
Recommended Video

उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में एक भाजपा कार्यकर्ता को गोली मारे जाने की घटना को छोड़ दें तो दोनों राज्यों में मतदान शांतिपूर्ण रहा है। हालांकि कई जगहों पर हिंसा की छिटपुट घटनाएं जरूर हुई हैं। उत्तर प्रदेश में कई जगहों पर सपा समर्थक वोटर ईवीएम में खराबी की शिकायत करते दिखे। कुछ जगहों पर मतदाता सूची से नाम गायब होने की शिकायत भी आई।
पंजाब की नई सरकार का फैसला ईवीएम में कैद
पंजाब में सभी 117 सीटों पर मतदान खत्म होने के साथ ही राज्य की नई सरकार का फैसला ईवीएम में बंद हो गया है। 10 मार्च को पता चलेगा कि राज्य की जनता ने किसे चुना है। पंजाब में फिलहाल कांग्रेस की सरकार है। कांग्रेस जहां फिर से वापसी की कोशिश में है तो आम आदमी पार्टी भी दमखम से चुनाव मैदान में है। अकाली दल ने बहुजन समाज पार्टी से गठबंधन कर ये चुनाव लड़ा है। वहीं अमरिंदर सिंह की पार्टी ने भाजपा के साथ गठजोड़ कर सियासी किस्मत आजमाई है।
उत्तर प्रदेश में अब तीन चरण का चुनाव हुआ खत्म
यूपी के तीसरे चरण में आज हाथरस, फिरोजाबाद, एटा, कासगंज, मैनपुरी, फर्रुखाबाद, कन्नौज, इटावा, औरैया, कानपुर देहात, कानपुर नगर, जालौन, झांसी, ललितपुर, हमीरपुर और महोबा जिले की 59 सीटों पर वोट डाले गए। उत्तर प्रदेश में 10 फरवरी को हुए पहले चरण में 58 सीटों पर वोटिंग हुई थी। वहीं दूसरे चरण में प्रदेश की 55 सीटों पर वोट पड़े थे। ऐसे में राज्य की कुल 403 में से 172 सीटों पर अब तक हुए तीन चरण में वोट पड़ चुके हैं। बाकी चार चरणों में शेष बची सीटों पर वोटिंग होगी। उत्तर प्रदेश में सपा, आरएलडी, भाजपा, कांग्रेस, बसपा और अपना दल के बीच मुख्य मुकाबला है।
पांच राज्यों में हो रहे चुनाव
उत्तर प्रदेश, गोवा, पंजाब, उत्तराखंड और मणिपुर में विधानसभा के चुनाव हो रहे हैं। पंजाब की सभी 117 सीटों, गोवा की 40 और उत्तराखंड की 70 सीटों पर मतदान हो चुका है। अब उत्तर प्रदेश और मणिपुर में चुनाव बाकी है। सभी राज्यों के नतीजे एक साथ 10 मार्च को आएंगे।












Click it and Unblock the Notifications