अनलॉक 1: ओडिशा में हर दिन 10 घंटे का कर्फ्यू, कोरोना को रोकने के लिए प्लान तैयार
नई दिल्ली। कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए ओडिशा सरकार ने सख्त कदम उठाए है। ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कहा कि कोरोना संक्रमित इलाकों में हफ्ते के दो दिन पूरी तरह से शटडाउन रखा जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना को रोकने के लिए सख्त फैसले लेने जरूरी है। उन्होंने कहा कि एक बार फिर से लॉकडाउन को सख्ती से पालन करवाना होगा। ओडिशा सरकार ने लोगों को कम से कम घरों से निकलने की सलाह दी है। सरकार ने नाइट कर्फ्यू लगाने का फैसला किया है।ओडिशा सरकार ने हर दिन 10 घंटे का नाइट कर्फ्यू लगाने की घोषणा की है। सरकार की नई गाइडलाइन के मुताबिक अब हर दिन रात में 7 बजे शाम से लेकर 5 बजे सुबह तक कर्फ्यू रहेगा। जिसमें सिर्फ जरूरी सेवाओं के लिए ही लोगों को घरों से निकलने की छूट दी जाएगी।

ओडिशा में हर दिन 10 घंटे का कर्फ्यू
मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कहा कि नाइट कर्फ्यू के जरिए हम महीने में 300 घंटे तक लोगों को बाहर निकलने से रोक सकेंगे। इस तरह से महीने में 17 दिन लोग घरों में रहेंगे। इस तरह से कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने में मदद मिलेगी।

शनिवार-रविवार सब बंद
मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कहा कि जून में हफ्ते के दो दिन राज्य के 11 जिलों को पूरी तरह से लॉकडाउन रखा जाएगा। जून के हर शनिवार और रविवार को राज्य के 11 जिलों को पूरी तरह से बंद रखा जाएगा। इन दो दिनों में जरूरी सेवाओं को छोड़कर सब कुछ बंद रहेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह से हम लोगों को 8 दिन तक पूरी तरह से घर में रख सकेंगे।

लोगों ने मुख्यमंत्री ने की अपील
मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को इस संबंध में आदेश जारी करते हुए कहा कि केंद्रपाड़ा,भद्रक, पुरी, नयागढ़, खोरदा, गंजम, जाजपुर, कटक, जगतसिंहपुर, बालासोर और बालंगीर जिलों को हर शनिवार और रविवार को पूरी तरह से बंद रखा जाएगा। हफ्ते के इन दो दिन सिर्फ जरूरी सेवाओं के लिए ही छूट होगी। वहीं सरकार ने कहा कि राज्य में शाम 7 बजे से सुबह 5 बजे तक कर्फ्यू होगा, जिसका पालन लोगों को सख्ती से करना होगा। इस दौरान सिर्फ जरूरी सेवाओं की ही छूट मिलेगी। आपको बता दें कि ओडिशा में कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। राज्य में अब तक कोरोना मरीजों की संख्या 2388 पहुंच गई है। ऐसे में राज्य सरकार सख्ती का रूख अपना रही है।












Click it and Unblock the Notifications