'पटेल देश का निगहबान हैं, पटेल देश की निडर जबान हैं', राष्ट्रीय एकता दिवस पर बोले अमित शाह
राष्ट्रीय एकता दिवस: अमित शाह ने सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर दी श्रद्धांजलि
केवड़िया, 31 अक्टूबर: देशभर में आज लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 146वीं जयंती मनाई जा रही है। गुजरात में गृह मंत्री अमित शाह ने राष्ट्रीय एकता दिवस के मौके पर लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धांजलि दी। अमित शाह ने सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर केवड़िया में उनकी प्रतिमा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर श्रद्धांजलि दी है। इसके बाद अमित शाह ने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर आयोजित कार्यक्रम में में भी हिस्सा लिया। यहां एकता परेड निकाली जा रही है। इस परेड में राज्यों के पुलिसकर्मी, सीआईएसएफ और बीएसएफ के जवान शामिल हुए हैं। अमित शाह ने कहा, वड़िया किसी जगह का नाम नहीं है। अब ये तीर्थ स्थान बन गया है। राष्ट्र की एकता का तीर्थ स्थान, देश भक्ति का तीर्थ स्थल और आज ये आसमान को छूने वाली स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पूरी दुनिया को संदेश दे रही है कि भारत का भविष्य उज्ज्वल है।

इस खास मौके पर अमित शाह ने कहा, ''हरिवंश राय बच्चन जी ने सरदार साहब के लिए एक कविता लिखी थी- पटेल देश का निगहबान हैं, पटेल देश की निडर जबान हैं। किसी भी बात को बेबाक तरीके से रखने में जरा भी झिझकते नहीं थें, इसलिए आज जब भारत माता अखंड स्वरूप देख रहे हैं वो केवल और केवल सरदार जी के कर्म का ही नतीजा है।''
Recommended Video
सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर अमित शाह ने ट्वीट कर कहा, ''सरदार पटेल का जीवन हमें बताता है कि कैसे एक व्यक्ति अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, लौह नेतृत्व और अदम्य राष्ट्रप्रेम से देश के भीतर की सभी विविधताओं को एकता में बदल कर एक अखंड राष्ट्र का स्वरूप दे सकता है। सरदार साहब ने देश के एकीकरण के साथ आजाद भारत की प्रशासनिक नींव रखने का भी काम किया।''
वहीं अपने एक अन्य ट्वीट में अमित शाह ने कहा, ''मातृभूमि के लिए सरदार साहब का समर्पण, निष्ठा, संघर्ष और त्याग हर भारतवासी को देश की एकता व अखंडता के लिए खुद को समर्पित करने की प्रेरणा देता है। अखंड भारत के ऐसे महान शिल्पी की जयंती पर उनके चरणों में वंदन व समस्त देशवासियों को 'राष्ट्रीय एकता दिवस' की शुभकामनाएं।''
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्टैचू ऑफ यूनिटी के निर्माण के सरदार पटेल जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी। फिलहाल पीएम मोदी इटली की राजधानी रोम में हैं।












Click it and Unblock the Notifications