'मैं कुएं में जान दे दूंगा, लेकिन कांग्रेस में नहीं जाऊंगा', BJP से नाराजगी के कयासों के बीच गडकरी
नागपुर, 29 अगस्त: भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर नेता और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी अपने मंत्रालय के कामों और अपने बयानों को लेकर अकसर सुर्खियों में रहते हैं, हालांकि हाल ही में सामने आई बीजेपी संसदीय बोर्ड की सूची से उनके नाम के हटने के बाद गडकरी की नाराजगी के कयास लगाए जाने शुरू हो गए हैं। इस बीच एक बार नितिन गडकरी ने ऐसा बयान दिया है, जिसके बाद सारे कयासों पर विराम लग गया है। रविवार को नागपुर में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नितिन गडकरी ने कहा कि वो कांग्रेस में शामिल होने के बजाय कुएं में कूदना पसंद करेंगे।

दरअसल, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने अपने बयान में एक दोस्त का जिक्र करते हुए बताया कि उनके दोस्त ने उनको कांग्रेस पार्टी ज्वाइन करने का सुझाव दिया था, जिसे उन्होंने सिरे से खारिज कर दिया था। गडकरी ने बताया कि मेरे दोस्त ने एक बार मुझे कांग्रेस में शामिल होने की सलाह दी थी, मैंने कहा मैं कांग्रेस पार्टी में शामिल होने के बजाय एक कुएं में डूब जाना पसंद करूंगा। मुझे कांग्रेस की विचारधारा पसंद नहीं है।
गडकरी ने कहा कि मेरे दोस्त और कांग्रेस के नेता श्रीकांत जिचकर ने एक बार मुझे सलाह दी थी कि तुम्हारा राजनीतिक करियर अच्छा है, तुम बीजेपी छोड़कर कांग्रेस में आ जाओ, मैंने कहा- मैं कुएं में कूदकर जान दे दूंगा, लेकिन कांग्रेस में जाना पसंद नहीं करूंगा। मुझे कांग्रेस की विचारधारा पसंद नहीं है।
नितिन गडकरी ने बताया कि यह उस दौर की बात है, जब मैं छात्र नेता था और भाजपा को अकसर हार का सामना करना पड़ता था। इसी के साथ गडकरी ने आगे कहा कि जब आपको सफलता मिलती है और उसकी खुशी आपको अकेले होती है तो फिर उसका कोई मतलब नहीं है। वहीं आगे कहा कि किसी को कभी भी इस्तेमाल करना और फेंकना नहीं चाहिए। अगर आपने एक बार किसी का हाथ थामा है तो फिर अच्छे दिन हों या बुरे दिन, उसे लगातार थामे रखें।












Click it and Unblock the Notifications