अप्रैल में बेरोजगारी दर बढ़कर हुई 7.83 प्रतिशत, यह भाजपा शासित राज्य है लिस्ट में टॉप पर
नई दिल्ली, मई 03। देश में बेरोजगारी के मुद्दे पर घिरती ही चली जा रही केंद्र सरकार के लिए एक बुरी खबर है। दरअसल, देश में मार्च के मुकाबले अप्रैल महीने में बेरोजगारी दर में इजाफा हुआ है। दरअसल, सेंटर फॉर मॉनिटरिंग इंडियन इकोनॉमी (सीएमआईई) के आंकड़ों के मुताबिक, देश में बेरोजगारी दर अप्रैल महीने में बढ़कर 7.83 फीसदी हो गई है, जबकि मार्च मार्च में यह दर 7.60 फीसदी थी।

शहरी इलाकों में अधिक है बेरोजगारी
सोमवार को जारी हुए आंकड़ों से पता चलता है कि शहरी क्षेत्रों में बेरोजगारी दर ग्रामीण क्षेत्रों के मुकाबले अधिक है। आंकड़ों के अनुसार, मार्च में शहरी क्षेत्रों की बेरोजगारी दर 8.28 प्रतिशत थी जो अप्रैल में बढ़कर 9.22 प्रतिशत हो गई है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में बेरोजगारी की दर अप्रैल में 7.18 प्रतिशत हो गई है, जो पिछले महीने 7.29 प्रतिशत थी।
हरियाणा इस लिस्ट में टॉप पर है
इसके अलावा आंकड़ों से पता चलता है कि भाजपा शासित राज्य हरियाणा में सबसे अधिक बेरोजगारी है। आंकड़ों के अनुसार, हरियाणा में करीब 34.5 फीसदी बेरोजगारी दर है, जबकि कांग्रेस शासित राजस्थान में यह आंकड़ा 28.8 फीसदी, बिहार में 21.1 फीसदी और जम्मू-कश्मीर में 15.6 फीसदी है।
सीएमआईई के प्रबंध निदेशक महेश व्यास ने पीटीआई को बताया कि यह ध्यान रखना महत्वपूर्ण है कि अप्रैल में श्रम बल की भागीदारी दर और रोजगार दर में भी वृद्धि हुई है। व्यास ने कहा, "यह एक अच्छा विकास है।" उन्होंने कहा कि अप्रैल में रोजगार दर 36.46 प्रतिशत से बढ़कर 37.05 प्रतिशत हो गई।












Click it and Unblock the Notifications