गुरुग्राम में निर्माणाधीन फ्लाईओवर का एक हिस्सा गिरा, 2 मजदूर घायल
गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम सोहना रोड पर शनिवार देर शाम एक निर्माणाधीन फ्लाईओवर का एक हिस्सा भर-भराकर गिर गया। इस हादसे में दो मजदूरों के घायल होने की खबर है। हादसे के बाद आस-पास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी। यह घटना विपुल ग्रीन्स के पास की बताई जा रही है। फ्लाईओवर का जो हिस्सा गिरा है वह 6 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड फ्लाईओवर का है। फ्लाईओवर को बनाने वाली कंपनी के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए हैं।

हरियाणा के उप मुख्यमंत्री और सार्वजनिक निर्माण विभाग के प्रभारी दुष्यंत चौटाला ने घटना के बाद ट्वीट कर अपनी प्रतिक्रिया दी है। चौटाला ने ट्वीट कर लिखा कि, एलिवेटेड कॉरिडोर सोहना आरडी गुरुग्राम का स्लैब ढह गया। 2 लोगों को चोटें आई हैं और दोनों को इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। एनएचएआई टीम, एसडीएम और नागरिक सुरक्षा टीम मौके पर पहुंच चुकी है।
घटना के बाद मौके पर पहुंचीं डीसीपी हेड क्वार्टर नितिका गहलोत ने कहा कि करीब 50 मीटर का हिस्सा गिरा है। कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों को इस बारे में सूचित कर दिया गया है और इसके गिरने की वजहों का पता लगाया जा रहा है। बता दें कि सोहना रोड पर बन रहे इस 5.5 किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर का शिलान्यास मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने 14 अगस्त 2017 को किया था।












Click it and Unblock the Notifications