UGC Bill के नए संशोधनों पर क्यों मचा है घमासान? जानें वो 4 नियम जिस पर अटका है विवाद का पूरा पेंच
UGC Bill 2026 Controversy: UGC (विश्वविद्यालय अनुदान आयोग) के एक नए नियमों को लेकर देश में हंगामा बरापा हुआ है। दरअसल, उच्च शिक्षा संस्थानों में समानता को बढ़ावा देने के लिए यूजीसी द्वारा "प्रमोशन ऑफ इक्विटी इन हायर एजुकेशन इंस्टीट्यूशंस रेगुलेशंस, 2026" ने देशभर में एक नई बहस को जन्म दे दिया है। इस नियम को लेकर राजधानी दिल्ली से उत्तर प्रदेश, बिहार तक में जबरदस्त विरोध दिख रहा है।
एक ओर सरकार इसे कैंपस में जातिगत भेदभाव खत्म करने का ऐतिहासिक कदम बता रही है, तो दूसरी ओर कई संगठन इसे संविधान विरोधी और 'सवर्णों' के खिलाफ एक साजिश करार दे रहे हैं। विवाद की तपिश इतनी बढ़ गई है कि मामला अब सुप्रीम कोर्ट की दहलीज तक जा पहुंचा है।

विस्तार से जानिए क्या है UGC का Equity Regulations और कौन से हैं वो 4 नए नियम जिसको लेकर देश भर में विरोध हो रहा है...
UGC Promotion of Equity Regulations: क्या है नया नियम जिस पर मचा है बवाल?
यूजीसी ने 13 जनवरी को जो अधिसूचना जारी की है, उसके तहत हर कॉलेज और यूनिवर्सिटी में 'समान अवसर केंद्र' (EOC) और 'समानता समितियां' बनाना अनिवार्य कर दिया गया है। इन समितियों में ओबीसी, एससी, एसटी, दिव्यांग और महिलाओं का प्रतिनिधित्व अनिवार्य होगा। इनका काम कैंपस में होने वाले किसी भी प्रकार के भेदभाव की जांच करना होगा।
परिसर के संवेदनशील हिस्सों हॉस्टल, कैंटीन, विभाग की निगरानी के लिए 'इक्विटी स्क्वॉड' बनाए जाएंगे। साथ ही छात्रों के बीच से 'इक्विटी एंबेसडर' तैनात किए जाएंगे। भेदभाव की शिकायत मिलने के 24 घंटे के भीतर समिति की बैठक बुलानी होगी और एक निश्चित समय सीमा में कार्रवाई करनी होगी। जो संस्थान इन नियमों का पालन नहीं करेंगे, यूजीसी उनकी फंडिंग और अन्य सरकारी योजनाओं पर रोक लगा सकता है।
क्या है EOC, इसका मुख्य कार्य क्या है?
समान अवसर केंद्र (Equal Opportunity Centre) EOC केवल शिकायत निवारण केंद्र नहीं होंगे, बल्कि वंचित वर्गों के लिए बनी योजनाओं पर कितना अमल हुआ इसकी निगरानी करेंगे। जरूरतमंद छात्रों को कानूनी सहायता दिलाने के लिए जिला और राज्य लिगल सर्विस ऑथरिटीज से कॉर्डिनेट करेंगे। कैंपस में सामाजिक समावेश को बढ़ावा देने के लिए सेमिनार और ऑनलाइन पोर्टल बनाएंगे।
UGC Bill New Regulations Controversy: विवाद की असली जड़ क्या है?
1. Equity Committees और Equity Squads: निगरानी का नया तंत्र
UGC ने हर कॉलेज और यूनिवर्सिटी में Equity Committee और Equity Squad बनाना अनिवार्य कर दिया है। नियमों के अनुसार, इन कमेटियों में SC, ST, OBC, महिलाओं और दिव्यांगों का प्रतिनिधित्व अनिवार्य है, लेकिन सामान्य वर्ग (General Category) के प्रतिनिधित्व का कोई स्पष्ट प्रावधान नहीं है।
छात्रों का आरोप है कि 'Equity Squad' को परिसर और हॉस्टल में संवेदनशील जगहों की निगरानी के लिए अत्यधिक अधिकार दिए गए हैं, जिससे सामान्य सामाजिक मेलजोल भी जांच के दायरे में आ सकता है।
2. 24x7 हेल्पलाइन और 'झूठी शिकायत' का डर
नए नियमों के तहत संस्थानों को एक चौबीसों घंटे चलने वाली हेल्पलाइन और Equal Opportunity Centre स्थापित करना होगा। तर्क है कि 2026 के इन नियमों से 'झूठी या द्वेषपूर्ण शिकायतों' के खिलाफ कार्रवाई का प्रावधान हटा दिया गया है, जो 2025 के ड्राफ्ट में मौजूद था।
शिक्षकों और छात्रों का मानना है कि बिना किसी सबूत या दंड के भय के कोई भी छात्र किसी पर भी आरोप लगा सकता है, जिससे निर्दोषों का करियर और प्रतिष्ठा दांव पर लग सकती है।
3. SC/ST/OBC पर केंद्रित परिभाषा और 'सवर्ण' समाज का गुस्सा
UGC ने 'जाति-आधारित भेदभाव' की परिभाषा को संशोधित किया है, जिसके तहत केवल अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़ी जातियों के खिलाफ होने वाले कृत्यों को ही इस दायरे में रखा गया है। बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने इन नियमों के विरोध में इस्तीफा तक दे दिया है।
उनका और कई संगठनों का कहना है कि यह कानून सामान्य वर्ग के छात्रों को 'स्वघोषित अपराधी' मानता है। प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि कानून 'समावेशी' होना चाहिए और सभी वर्गों के छात्रों को समान सुरक्षा प्रदान करनी चाहिए।
4. फंड रोकने और मान्यता रद्द करने का 'ब्रह्मास्त्र'
अगर कोई संस्थान इन नियमों का पालन करने में विफल रहता है, तो UGC के पास उनकी मान्यता रद्द करने या सरकारी फंड (अनुदान) रोकने का अधिकार है।शिक्षण संस्थानों का मानना है कि यह नियम उन पर अनावश्यक प्रशासनिक दबाव डालता है। विरोध कर रहे लोगों को डर है कि सरकार इस वित्तीय शक्ति का उपयोग संस्थानों को नियंत्रित करने या अपनी बात मनवाने के लिए 'हथियार' के रूप में कर सकती है।
रोहित वेमुला और पायल ताडवी केस का संदर्भ
गौरतलब है कि यूजीसी ने यह कदम सुप्रीम कोर्ट के उस निर्देश के बाद उठाया है, जो रोहित वेमुला और पायल ताडवी की माताओं की याचिका पर सुनवाई के दौरान दिया गया था। कोर्ट ने यूजीसी से पूछा था कि उच्च शिक्षा संस्थानों में जातिगत भेदभाव को जड़ से खत्म करने के लिए उसके पास क्या ठोस तंत्र है।
बिल को लेकर क्या हैं चुनौतियां?
बढ़ते विरोध और कानूनी चुनौती के बीच सरकार के सामने बड़ी चुनौती है। एक तरफ सामाजिक न्याय और समावेशन का सवाल है, तो दूसरी ओर सभी वर्गों का भरोसा बनाए रखने की जरूरत। सूत्रों का कहना है कि सरकार संशोधन या स्पष्ट दिशा-निर्देश लाकर विवाद को शांत करने की कोशिश कर सकती है। फिलहाल, UGC के नए नियम उच्च शिक्षा में समानता की दिशा में बड़ा कदम हैं या नया विवाद-इसका फैसला आने वाले दिनों में अदालत और सरकार के रुख से तय होगा।












Click it and Unblock the Notifications