उत्तराखंड: कांग्रेस MLA पर पेट्रोल डालकर जलाने की कोशिश, बाल-बाल बची जान
देहरादून: उत्तराखंड में रुदप्रयाग से कांग्रेस विधायक मनोज रावत पर शुक्रवार को जानलेवा हमला हुआ। उन पर कुछ लोगों ने पेट्रोल डालकर डालकर उन्हें जिंदा जलाने की कोशिश की। हालांकि वो बाल-बाल बत गए और उन्हें कोई नुकसान नहीं पहुंचा। ये घटना अगस्त मुनि क्षेत्र में हुई। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। उत्तराखंड की स्थापना दिवस की पूर्व संध्या हुई घटना से पूरे प्रदेश में सनसनी मच गई है।

कांग्रेस विधायक को पेट्रोल डालकर जलाने की कोशिश
उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था अशोक कुमार ने बताया कि रुद्रप्रयाग के पास अगस्तमुनि क्षेत्र में कांग्रेस नेता और विधायक मनोज रावत पर हमला हुआ। इसमें उन्हें कोई क्षति नहीं पहुंची है और वे सुरक्षित हैं। उन्होंने आगे कहा कि पुलिस मौके पर घटना की जांच कर रही है और पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और दोनों से पूछताछ की जा रही है।

गनर ने आरोपी को पकड़ा
अशोक कुमार ने बताया कि एक आरोपी को विधायक के गनर ने कांग्रेस विधायक पर पेट्रोल डालने के दौरान ही पकड़ लिया था, जबकि दूसरी को बाद में पकड़ा गया। इस घटना का जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि विधायक को सुरक्षा दी गई है। पुलिस के सूत्रों के मुताबिक प्रथम द्रष्टया यह मामला आपसी रंजिश का लग रहा है क्योंकि विधायक का गुरुवार को कुछ लोगों के साथ झगड़ा हुआ था।

प्रीतम सिंह ने सरकार पर उठाए सवाल
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने इस घटना की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि बीजेपी के शासन में विधायक तक सुरक्षित नहीं है। उन्होंने सूबे की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए और कहा कि पुलिस अपराधियों पर लगाम कसने में नाकाम हो रही है। उन्होंने सरकार को विधायक को और अधिक सुरक्षा देने और उनके घर पर पुलिस की तैनाती की मांग की है।
ये भी पढ़ें- Ayodhya Verdict: VHP ने 1990 से जारी पत्थरों को तराशने का काम किया बंद, बताई ये वजह












Click it and Unblock the Notifications