विदेश मंत्रालय के दो कर्मचारी निकले कोरोना संक्रमित, संपर्क में आए लोग क्वारंटाइन हुए
नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस (कोविड-19) के मामले तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। अब भारत के विदेश मंत्रालय में काम करने वाले कम से कम दो लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। जिसके बाद सरकार ने बाकी अधिकारियों को सेफ्ट क्वारंटाइन होने के लिए कहा है। हिंदुस्तान टाइम्स ने ये जानकारी सूत्र और रॉयटर्स के हवाले से दी है। पॉजिटिव पाया गया एक व्यक्ति नई दिल्ली में मंत्रालय के सेंट्रल यूरोप डिवीजन में सलाहकार के रूप में काम करता है, जबकि दूसरा कानून विभाग में लीगल अफसर के रूप में काम करता है।

रिपोर्ट के अनुसार, मंत्रालय ने कहा है, 'प्रोटोकॉल के अनुसार, सीई डिवीजन के सभी लोगों को 14 दिनों के लिए सेल्फ क्वारंटाइन और घर से काम करने के लिए कहा गया है।' इसके साथ ही लीगल अफसर के संपर्क में आने वाले सभी लोगों को भी सेल्फ क्वारंटाइन के लिए कहा गया है। अभी तक ये स्पष्ट नहीं है कि कुल कितने लोगों को सेल्फ क्वारंटाइन के लिए कहा गया है। मंत्रालय देश के कई महत्वपूर्ण कोरोनो वायरस राहत प्रयासों में शामिल है, विशेष रूप से विदेशों में फंसे भारतीय नागरिकों की निकासी से संबंधित प्रयासों में।
मामले की जानकारी रखने वाले सूत्र ने कहा, सेंट्रल यूरोप और लीगल डिवीजन वाले कमरों को भी सैनिटाइन करने को कहा गया है। इससे पहले बीते महीने राष्ट्रपति भवन के स्टाफ क्वार्टर में करीब 500 लोगों को सेल्फ आइसोलेशन के लिए कहा गया था। उस वक्त एम्प्लॉई क्वार्टर में रहने वाले सफाईकर्मी के परिवार का सदस्य कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया था। गौरतलब है कि भारत में कोरोना वायरस के मामलों में तेजी से इजाफा हो रहा है।
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने शनिवार सुबह बताया, देश में पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के सर्वाधिक 7,964 मामले सामने आए हैं और 265 मौतें हुई हैं। देश में अब कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 1,73,763 हो गई है, इसमें 86,422 सक्रिय मामले, 82,370 ठीक/डिस्चार्ज/माइग्रेट हो चुके मामले, 4,971 मौतें शामिल हैं।
दिल्ली सचिवालय का कर्मचारी निकला कोरोना पॉजिटिव, प्रशासनिक विभाग हुआ सील












Click it and Unblock the Notifications