दिल्ली सचिवालय का कर्मचारी निकला कोरोना पॉजिटिव, प्रशासनिक विभाग हुआ सील
नई दिल्ली: लॉकडाउन के बाद भी देश में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। राजधानी दिल्ली कोरोना से बुरी तरह प्रभावित है। अब कोरोना का कहर दिल्ली सचिवालय तक पहुंच गया है, जहां पर काम करने वाला एक कर्मचारी पॉजिटिव पाया गया है। फिलहाल सचिवालय कर्मचारी को आइसोलेट कर उसका इलाज किया जा रहा है। वहीं नगर निगम के कर्मचारी सचिवालय को सैनिटाइज कर रहे हैं। कर्मचारी को संक्रमण कहां से हुआ इस बात का भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

सचिवालय प्रशासन के मुताबिक एक कर्मचारी की कोविड-19 जांच हुई थी, जिसकी रिपोर्ट शनिवार को पॉजिटिव आई है। रिपोर्ट आते ही सचिवालय प्रशासन एक्शन में आ गया। अब सचिवालय के सामान्य प्रशासन विभाग को पूरी तरह से सील कर दिया गया है। नगर निगम के कर्मचारी उस बिल्डिंग को पूरी तरह से सैनिटाइज करेंगे, फिर उसको दोबारा खोलने का फैसला लिया जाएगा। वहीं कर्मचारी के घर और आसपास के इलाकों को भी सैनिटाइज किया जा रहा है। सचिवालय में उसके संपर्क में आए कर्मचारियों को क्वारंटाइन में रहने को कहा गया है।
दिल्ली में 17 हजार से ज्यादा मामले
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान ही कोरोना वायरस के 7964 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद मरीजों की संख्या बढ़कर 1,73,763 हो गई है। पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के कारण 265 लोगों की मौत भी हुई है। राजधानी दिल्ली भी कोरोना से बुरी तरह प्रभावित है, जहां शनिवार सुबह तक 17,386 मामले सामने आए थे। वहीं दिल्ली में इस बीमारी से 398 लोगों ने जान गंवाई है।












Click it and Unblock the Notifications