बिल्ली के धक्के से गिरा टीवी सेट, बेड पर सो रही बच्ची की मौत
नई दिल्ली: तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में शनिवार को दर्दनाक हादसा हुआ, जहां एक टीवी सेट बच्ची के ऊपर गिर गया। जिसमें उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वहीं बच्ची के मां-बाप का रो-रो के बुरा हाल हो गया है।

जानकारी के मुताबिक चेन्नई के अयानावरम इलाके में एक बच्ची अपने घर में सो रही थी। उसी के पास टेबल पर टीवी सेट रखा था। शाम करीब 5 बजे वहां पर एक बिल्ली आई और उसने टीवी सेट को धक्का दे दिया। जिस वजह से पूरा सेट बच्ची के ऊपर जा गिरा। इस घटना में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। उसके परिवार वाले उसे पास के ही एक अस्पताल में लेकर गए, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया।
पुलिस के मुताबिक सूचना मिलते ही एक टीम घटनास्थल पर गई। बच्ची की उम्र दो साल बताई जा रही है और टीवी सेट उसके सिर पर गिरा था, जिस वजह से उसे गंभीर चोटें आईं। पुलिस भी इस मामले में पड़ताल कर रही है। भविष्य में ऐसी घटना ना हो इसके लिए लोगों से बच्चों को सुरक्षित जगह सुलाने की अपील की गई है।












Click it and Unblock the Notifications