Tripura Elections: जेपी नड्डा ने जारी किया घोषणा पत्र, कहा- राज्य में अब शांति और समृद्धि
त्रिपुरा चुनाव को लेकर बीजेपी ने घोषणा पत्र जारी कर दिया है। बीजेपी चीफ जेपी नड्डा ने वादा किया कि वो इस पत्र में लिखे हर वादे को पूरा करेंगे।

सभी राजनीतिक पार्टियां त्रिपुरा विधानसभा चुनाव की तैयारियों में लगी हुई हैं। इस बीच बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा भी अगरतला पहुंचे। वहां पर उन्होंने विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी का घोषणा पत्र जारी किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री माणिक साहा समेत कई वरिष्ठ नेता और मंत्री मौजूद रहे।
कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा कि त्रिपुरा कभी नाकाबंदी और उग्रवाद के लिए जाना जाता था, लेकिन अब राज्य शांति, समृद्धि और विकास के लिए जाना जाता है। त्रिपुरा में अब तक 13 लाख आयुष्मान भारत स्वास्थ्य कार्ड दिए गए हैं, जिसमें सेटलमेंट में 107 करोड़ रुपये दिए गए। बीजेपी चीफ ने आगे कहा कि संकल्प पत्र की चर्चा के साथ ही मैं इसके महत्व की भी चर्चा करता हूं। दूसरी पार्टी घोषणा पत्र लाती हैं तो उसे उनकी पार्टी के लोग ही महत्व नहीं देते लेकिन BJP कोई प्रतिबद्धता देती है तो उसे लोग समझते हैं, देश के लोग इंतजार करते हैं कि BJP का संकल्प पत्र क्या होगा?
नड्डा ने कहा कि ये हमारे लिए कागज का टुकड़ा नहीं है। संकल्प पत्र में जो वादे किए गए हैं, वो पूरे किए जाएंगे। इसके अलावा उन्होंने जनता से बीजेपी को वोट देकर दोबारा पार्टी की सरकार बनवाने की अपील की।
मां त्रिपुरा सुंदरी का लिया आशीर्वाद
वहीं दूसरी ओर घोषणा पत्र जारी करने से पहले जेपी नड्डा और सीएम माणिक साहा उदयपुर में स्थित माता त्रिपुर सुंदरी के मंदिर पहुंचे। वहां पर दोनों ने पूजा-अर्चना करके मां का आशीर्वाद लिया। नड्डा ने कहा कि आज मुझे माता सुंदरी मंदिर में पूजा अर्चना करने का अवसर मिला। जब भी मैं यहां आता हूं, मुझे नई ऊर्जा मिलती है। पीएम मोदी के नेतृत्व में हम 'सबका साथ सबका विकास' के मंत्र के साथ समाज को आगे ले जा रहे हैं।
कब है वोटिंग?
आपको बता दें कि त्रिपुरा, मेघालय और नागालैंड में एक साथ विधानसभा के चुनाव हो रहे हैं। पहले त्रिपुरा में 16 फरवरी को वोटिंग होगी जबकि मेघालय और नागालैंड में 27 फरवरी को मतदाना करवाया जाएगा। वहीं तीनों राज्यों के नतीजे एक साथ 2 मार्च को आएंगे।












Click it and Unblock the Notifications