त्रिपुरा के सीएम माणिक साहा प्रोटोकॉल तोड़कर, कैसे खुद ड्राइव कर फुटबॉल फैंस के बीच पहुंचे, देखिए Video
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने रविवार को फुटबॉल प्रेमियों के साथ मैच देखने के लिए सारे प्रोटोकॉल तोड़ दिए। उन्होंने खुद कार चलाई, सिक्योरिटी घर पर छोड़ आए और सबके साथ बैठकर रोमांचक फाइनल का आनंद लिया।

त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा रविवार रात को अगरतला में अर्जेंटीना के फैंस के बीच फुटबॉल मैच देखने के लिए पहुंचकर उन्हें अचंभित कर दिया। सीएम साहा फीफा वर्ल्ड कप फाइनल के दौरान प्रोटोकॉल तोड़कर खुद कार चलाते हुए पहुंचे थे। इस रोमांचक वर्ल्ड कप फाइनल मैच के दौरान मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर अर्जेंटीना समर्थकों की खुशी का ठिकाना नहीं था। मुख्यमंत्री बिना सिक्योरिटी कवर के अपने घर से निकले और राजधानी अगरतला के नॉर्थ गेट इलाके में पहुचे, जहां पर बड़ी तादाद में अर्जेंटीना के समर्थक मैच देखने के लिए जुटे हुए थे। सीएम के साथ बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा भी थे।

जब सामान्य नागरिक की तरह मैच देखने पहुंचे मुख्यमंत्री
अगरतला में रविवार रात का नजारा कई फुटबॉल प्रेमी शायद कभी नहीं भुला पाएंगे। इस बार के फीफा वर्ल्ड कप फाइनल के रोमांचक मुकाबले में विशाल स्क्रीन पर एक तरफ मैच चल रहा था और दूसरी तरफ दर्शकों के बीच खुद राज्य के मुख्यमंत्री मौजूद थे। सीएम माणिक साहा जितने साधारण तरीके से लोगों के बीच पहुंचे थे, उसकी शायद किसी को अंदाजा नहीं था। ना उनके साथ कोई सिक्योरिटी थी और ना ही कोई सीएम वाला तामझाम। इसलिए उनके पहुंचते ही रोमांचक मैच में और रोमांच आ गया।
संबित पात्रा भी थे त्रिपुरा सीएम के साथ
मुख्यमंत्री के साथ भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा भी सामान्य नागरिक की तरह फुटबॉल मैच का आनंद उठाने के लिए पहुंचे थे। उन लोगों को अपने बीच पाकर वहां मौजूद युवाओं का जोश और बढ़ गया था। मुख्यमंत्री के अचानक पहुंचने से वहां मौजूद लोग हैरान थे।
प्रदेश के युवाओं को भी उचित प्लेटफॉर्म की जरूरत-सीएम
इसके बारे में मुख्यमंत्री ने कहा, 'फुटबॉल के प्रति राज्य के युवाओं में काफी उत्साह है। यदि उन्हें उचित प्लेटफॉर्म मिले तो वह निश्चित ही चमकेंगे। प्रदेश की मौजूदा सरकार इस दिशा में काम कर रही है। '
अर्जेंटीना को जीत की दी बधाई
अर्जेंटीना के मैच जीतने पर उन्होंने सोशल मीडिया पर उसे बधाई दी। उन्होंने ट्वीट किया, 'क्या खेल है..... इस शानदार जीत के लिए अर्जेंटीना को बधाई। उत्साह से भरपूर अगरतला के युवाओं के बीच पहुंचा, फीफा वर्ल्ड कप 2022 का फाइनल देखा और अर्जेंटीना की ऐतिहासिक जीत का गवाह बना।'
एक सोशल मीडिया यूजर ने मुख्यमंत्री माणिक साहा और संबित पात्रा के फुटबॉल फैंस के बीच पहुंचने और मैच देखने का वीडियो साझा किया है।












Click it and Unblock the Notifications