त्रिपुरा विधानसभा चुनाव से पहले TMC-CPM को बड़ा झटका, दो बड़े नेता भाजपा में शामिल
Tripura Assembly Election 2023: त्रिपुरा में चुनाव से पहले टीएमसी और सीपीएम के दो बड़े नेता भाजपा में शामिल हो गए हैं। राज्य के सीएम माणिक साहा की मौजूदगी में दोनों ने सदस्यता ग्रहण की है।

त्रिपुरा में विपक्ष को आज बहुत बड़ा झटका लगा है। राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी सीपीएम के बड़े नेता मोबोशर अली और टीएसपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुबल भौमिक ने अपनी पार्टियां छोड़कर बीजेपी का कमल थाम लिया है। ये दोनों नेता आज राज्य के मुख्यमंत्री डॉक्टर माणिक साहा की मौजूदगी में बीजेपी में शामिल हुए हैं। सीपीएम वहां फिर से सत्ता में वापसी के लिए बहुत जोर लगा रही है और टीएमसी भी बंगाल से बाहर पांव पसारने के लिए बड़ी उम्मीदें लगाई हुई है। लेकिन, सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी ने दोनों ही दलों को चुनाव से पहले बड़ा नुकसान पहुंचाया है।
बीजेपी में शामिल हुए टीएमसी-सीपीएम के नेता
सीपीएम और टीएमसी के दो बड़े नेताओं को बीजेपी में लाने को पार्टी कितनी अहमियत दे रही है, इसका अंदाजा इसी से लग सकता है कि खुद सीएम माणिक साहा की मौजूदगी में ये लोग सत्ताधारी दल में शामिल हुए हैं। त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने कहा है, 'आने वाले चुनाव को देखते हुए, इन दोनों नेताओं के शामिल होने से पार्टी मजबूत होगी। केंद्र और प्रदेश दोनों जगहों में बीजेपी नेतृत्व की वजह से हम पर जनता का भरपूर समर्थन और विश्वास है।'
16 फरवरी को है त्रिपुरा में चुनाव
सुबल भौमिक त्रिपुरा में टीएमसी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष थे और मोबोशर अली राज्य से सीपीएम के बड़े नेता हैं। गौरतलब है कि त्रिपुरा में 16 फरवरी को एक ही चरण में विधानसभा चुनाव हो रहा है। राज्य में विधानसभा की 60 सीटें हैं और वहां बीजेपी बीते पांच वर्षों से सत्ता में है।
2018 के विधानसभा चुनाव में भाजपा और उसकी सहयोगी आईपीएफटी ने मिलकर 35+8 यानि कुल 43 सीटें जीत ली थीं और लेफ्ट का ढाई दशक पुराना साम्राज्य भंग कर दिया था। सीपीएम के सिर्फ 16 विधायक जीते थे। कांग्रेस का तो ये हाल था कि उसके 59 उम्मीदवारों में से 58 की जमानतें भी नहीं बची थीं। लेकिन, इसबार साझा दुश्मन बीजेपी से मुकाबले के लिए कांग्रेस और सीपीएम ने हाथ मिला लिया है। दोनों दलों ने विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ने का ऐलान किया है। विधानसभा में कांग्रेस के अभी एकमात्र विधायक हैं- सुदीप रॉय बर्मन जो बीजेपी से वापस लौटकर उपचुनाव में जीते थे।












Click it and Unblock the Notifications